विलियम्स बहनों की नई पारी : पॉडकास्ट की दुनिया में कदम
टेनिस कोर्ट पर सालों तक राज करने के बाद, सेरेना और वीनस विलियम्स अब पॉडकास्ट की दुनिया में कदम रखेगी। दोनों बहनें महिला टेनिस की सबसे सफल और प्रभावशाली खिलाड़ियों में गिनी जाती हैं, जिन्होंने लंबे समय तक खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा।

सेरेना विलियम्स ने 2022 में अमेरिकी ओपन के साथ अपने टेनिस करियर का अंतिम टूर्नामेंट खेला था, जबकि वीनस विलियम्स हाल ही में साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम में एकल, महिला युगल और मिश्रित युगल वर्गों में प्रतिस्पर्धा करती नज़र आई थीं।
अब ये दोनों बहनें एक साथ अपने नए पॉडकास्ट “स्टॉकटन स्ट्रीट” की शुरुआत कर रही हैं। इस पॉडकास्ट का नाम कैलिफ़ोर्निया के कॉम्पटन स्थित उनके बचपन के घर की गली “स्टॉकटन स्ट्रीट” के नाम पर रखा गया है।
यह शो हर दो हफ्ते में बुधवार को प्रसारित किया जाएगा। पहला एपिसोड अमेरिकी ओपन के प्रतिष्ठित आर्थर ऐश स्टेडियम में रिकॉर्ड किया गया है — वही स्थान जहां सेरेना ने अपने 23 ग्रैंड स्लैम एकल खिताबों में से छह और वीनस ने अपने सात ग्रैंड स्लैम खिताबों में से दो जीते थे।