Trending

कलिंगा लांसर्स को मिला नया कोच, जे स्टेसी की हुई नियुक्ति

दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई जे स्टेसी को मंगलवार को हॉकी इंडिया लीग के आगामी सत्र के लिए कलिंगा लांसर्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया। स्टेसी जर्मनी के कोच वेलेंटिन आल्टेनबर्ग की जगह लेंगे जिन्होंने पिछले सत्र में लांसर्स का मार्गदर्शन किया था।

@Kalinga_Lancers

ऑस्ट्रेलिया के लिए 321 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले 27 वर्षीय स्टेसी ने राष्ट्रीय टीम के साथ तीन ओलंपिक पदक (बार्सीलोना में 1992 में रजत, अटलांटा में 1996 में कांस्य और सिडनी में 2000 में कांस्य) जीते। इसके अलावा वह कुआलालंपुर में 1998 राष्ट्रमंडल खेल और 1999 में चैंपियन्स ट्रॉफी जीतने वाली टीम का भी हिस्सा रहे।

स्टेसी ने वर्ष 2000 में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे अधिक मैच खेलने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी के रूप में संन्यास लिया। स्टेसी ने दुनिया भर के क्लबों के अलावा ऑस्ट्रेलिया, नीदरलैंड और बेल्जियम के घरेलू सर्किट में कोच की भूमिका निभाई है।

वह एचआईएल के 2016 और 2017 सत्र में मुंबई फ्रेंचाइजी के भी कोच थे। लांसर्स से जुड़ने से पूर्व वह 2022 से ऑस्ट्रेलिया की जूनियर टीम के मुख्य कोच की भूमिका निभा रहे थे।