Trending

एसीएल की गंभीर चोट, बेनात प्राडोस पूरे सीजन से बाहर

एथलेटिक बिलबाओ को 11 साल बाद चैंपियंस लीग में वापसी से पहले एक बड़ा झटका लगा है। मिडफील्डर बेनात प्राडोस एंटीरियर क्रूसिएट लिगामेंट की गंभीर चोट के चलते पूरे सीजन के लिए बाहर हो गए हैं।

साभार : गूगल

24 वर्षीय प्राडोस को पिछले सप्ताह ट्रेनिंग सेशन के दौरान अपने बाएं घुटने में चोट लगी थी। क्लब ने पुष्टि की है कि जल्द ही उनकी सर्जरी की तारीख तय की जाएगी और उनकी रिकवरी पर नियमित अपडेट दिए जाएंगे।

क्लब से जारी बयान में कहा गया, “एथलेटिक क्लब की मेडिकल टीम द्वारा किए गए परीक्षणों में पता चला है कि फर्स्ट-टीम खिलाड़ी बेनात प्राडोस को बाएं घुटने में ACL की गंभीर चोट लगी है।”

कोच अर्नेस्टो वाल्वरडे की रणनीति में प्राडोस को मिकेल जौरेगिजार और चोटिल इनिगो रुइज डी गैलारेटा के बाद मिडफील्ड में तीसरी पसंद के तौर पर देखा जा रहा था। उन्हें चैंपियंस लीग, ला लीगा, कोपा डेल रे और स्पेनिश सुपर कप जैसे अहम टूर्नामेंट्स में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद थी।

एथलेटिक क्लब की युवा अकादमी से निकले प्राडोस ने पिछले सीजन कुल 45 मुकाबले खेले थे। मिरांडेस के लिए लोन पर खेलने के बाद वह क्लब में लौटे थे और फिर 33 मैचों में टीम का हिस्सा बने थे।

अब जब टीम मंगलवार को प्रीमियर लीग क्लब आर्सेनल के खिलाफ अपने चैंपियंस लीग अभियान की शुरुआत करने जा रही है, तो वाल्वरडे इस खाली स्थान को भरने के लिए अनुभवी मिकेल वेस्गा और बी-टीम के एलेजांद्रो रेगो पर भरोसा कर सकते हैं। बताते चले कि एथलेटिक क्लब ने पिछली बार चैंपियंस लीग के ग्रुप चरण में 2014/15 सीजन में हिस्सा लिया था।

इससे पहले टीम 1998/99 सीजन में इस प्रतियोगिता में खेल चुकी है। पिछले सीजन में टीम ने यूरोपा लीग के ग्रुप स्टेज में अपने सभी चार घरेलू मुकाबले जीते थे।

इसके बाद नॉकआउट राउंड में उन्होंने घरेलू मैदान पर रोमा को 3-1 और रेंजर्स को 2-0 से हराया था। हालांकि, सेमीफाइनल के पहले चरण में मैनचेस्टर यूनाइटेड ने उन्हें उनके ही मैदान पर 3-0 से हराया था।