Trending

स्मृति मंधाना ने फिर से हासिल किया वनडे बल्लेबाजी में शीर्ष स्थान

सलामी भारतीय बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले एक दिवसीय मैच में अर्धशतक लगाकर मंगलवार को आईसीसी महिला वनडे बल्लेबाजों की नवीनतम रैंकिंग में फिर से नंबर एक स्थान हासिल कर लिया है।

साभार : गूगल

मंधाना ने तीन मैचों की श्रृंखला के पहले मैच में 63 गेंदों पर 58 रन बनाए, हालांकि उनका यह प्रदर्शन टीम को जीत नहीं दिला पाया और ऑस्ट्रेलिया ने लक्ष्य आसानी से हासिल करते हुए श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली।

वनडे में नंबर एक बल्लेबाज बनने के बाद मंधाना का आत्मविश्वास 30 सितंबर से शुरू हो रहे महिला क्रिकेट विश्व कप से पहले बढ़ जाएगा। इस अर्धशतक के कारण मंधाना को सात रेटिंग अंक मिले, जिससे वह इंग्लैंड की स्टार खिलाड़ी नैट साइवर-ब्रंट से चार अंक आगे निकल गईं, जो अब दूसरे स्थान पर हैं।

मंधाना के 735 रेटिंग अंक हैं, जबकि साइवर-ब्रंट के 731 अंक हैं। मंधाना पहली बार 2019 में वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंची थीं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में 64 रन बनाने वाली भारतीय सलामी बल्लेबाज प्रतीका रावल चार स्थान ऊपर उठकर 42वें स्थान पर पहुंच गई हैं, वहीं शीर्ष क्रम की बल्लेबाज हरलीन देओल 54 रन की पारी से 43वें स्थान पर आ गई हैं।

ऑस्ट्रेलियाई टीम की बाएं हाथ की बल्लेबाज बेथ मूनी नाबाद 77 रन की पारी के दम पर तीन स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें स्थान पर पहुंच गई हैं। साथ ही एनाबेल सदरलैंड और फोबे लिचफील्ड ने अर्धशतक लगाकर क्रमशः चार और 13 स्थान की छलांग लगाई है, जिससे वे संयुक्त रूप से 25वें स्थान पर आ गई हैं।

इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट से जीत दर्ज की थी। ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज किम गार्थ और स्पिनर अलाना किंग एक-एक स्थान की उन्नति के साथ क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर पहुंच गई हैं, जो उनकी अब तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।

पहले वनडे में एक विकेट लेने वाली भारतीय स्पिनर स्नेह राणा भी पांच स्थान ऊपर चढ़कर 13वें नंबर पर आ गई हैं। इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन गेंदबाजी रैंकिंग में नंबर एक बनी हुई हैं।