Trending

पीएम मोदी ने आनंदकुमार वेलकुमार की विश्व विजय पर दी बधाई, कहा- युवाओं के लिए प्रेरणा

भारतीय स्पीड स्केटर आनंदकुमार वेलकुमार ने सोमवार (16 सितंबर) को इतिहास रचा। उन्होंने चीन के बेइदाईहे में आयोजित स्पीड स्केटिंग विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल जीता। यह पहली बार है जब भारतीय टीम ने इस खेल में गोल्ड मेडल हासिल किया है।

@narendramodi

22 वर्षीय आनंदकुमार ने सीनियर पुरुष 1,000 मीटर स्प्रिंट स्पर्धा में 1:24.924 का समय लेकर पहला स्थान प्राप्त किया। कुछ दिन पहले ही आनंदकुमार ने 500 मीटर स्प्रिंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत के लिए स्केटिंग में पहला सीनियर विश्व चैंपियनशिप मेडल हासिल किया था।

इस उपलब्धि को और खास बनाते हुए, भारत ने जूनियर वर्ग में भी गोल्ड मेडल जीता, जहां कृष शर्मा ने 1,000 मीटर स्प्रिंट में जीत दर्ज की। वेलकुमार की यह सफलता भारत की विश्व स्केटिंग में बढ़ती प्रतिष्ठा का नया मील का पत्थर साबित हुई है।

आनंदकुमार की इस शानदार उपलब्धि पर पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “स्पीड स्केटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 में सीनियर पुरुष 1,000 मीटर स्प्रिंट में गोल्ड मेडल जीतने वाले आनंदकुमार वेलकुमार पर हमें गर्व है।

उनके धैर्य, गति और जोश ने उन्हें स्केटिंग में भारत का पहला विश्व चैंपियन बनाया है। उनकी यह सफलता अनगिनत युवाओं को प्रेरित करेगी। आनंदकुमार को बधाई और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”

इस वर्ष की शुरुआत में, वेलकुमार ने चेंगदू में हुए विश्व खेलों में 1000 मीटर स्प्रिंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था, जो रोलर स्पोर्ट्स में भारत का पहला मेडल था। 2021 में उन्होंने जूनियर विश्व चैंपियनशिप में 15 किलोमीटर एलिमिनेशन स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।

दो साल बाद हांग्झू में आयोजित एशियाई खेलों में उन्होंने 3,000 मीटर टीम रिले में भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। तमिलनाडु के रहने वाले आनंदकुमार वेलकुमार न केवल खेल में बल्कि पढ़ाई में भी होशियार हैं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है।