Trending

पीवी सिंधु की जोरदार वापसी, चीन मास्टर्स में प्री-क्वार्टर फाइनल में

भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने बुधवार को चीन मास्टर्स सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए पहले दौर में डेनमार्क की जूली डावाल जैकबसन को सीधे गेम में मात देकर महिला एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने महज 27 मिनट में जैकबसन को 21-4, 21-10 से हराया।

साभार : गूगल

यह जीत उन्हें हांगकांग ओपन सुपर 500 के पहले दौर में मिली हार के केवल दस दिन बाद मिली है, जब वह डेनमार्क की ही लाइन क्रिस्टोफरसन से हार गई थीं। इस साल अब तक छह बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर टूर्नामेंट्स के शुरुआती दौर से बाहर होने के बाद सिंधु ने इस मुकाबले में जबरदस्त लय दिखाई।

उन्होंने पहला गेम महज 10 मिनट से कुछ ज्यादा समय में जीत लिया और दूसरे गेम में भी अपने अनुभव और तकनीक का शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे गेम की शुरुआत में जैकबसन ने स्कोर 4-4 तक बराबरी की, लेकिन इसके बाद सिंधु ने लगातार छह अंक जीतकर 11-8 से 17-8 की बढ़त बना ली और मुकाबला आसानी से जीता।

गौरतलब है कि इससे पहले मार्च में योनेक्स स्विस ओपन में दोनों की भिड़ंत हुई थी, जिसमें जैकबसन ने हार के बावजूद सिंधु को कड़ी टक्कर दी थी।

वहीं पुरुष एकल में भारत के युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी को दुनिया के पांचवें नंबर के खिलाड़ी और छठे वरीय चाउ टिएन चेन (चीनी ताइपे) के खिलाफ कड़े मुकाबले में 19-21, 21-12, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा। यह मैच 68 मिनट तक चला।

निर्णायक गेम में 13-13 की बराबरी के बाद चेन ने लगातार चार अंक जीतकर 17-13 की बढ़त बनाई और मुकाबला अपने नाम कर लिया। चेन के खिलाफ शेट्टी की यह लगातार तीसरी हार है। 20 वर्षीय शेट्टी के लिए यह सप्ताह सकारात्मक भी रहा क्योंकि उन्होंने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड रैंकिंग में अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 27वीं रैंकिंग हासिल की है।

हाल ही में हांगकांग ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर उन्होंने जापान के नंबर 9 खिलाड़ी कोडाई नेराओका को भी हराया था। भारत की रुतविका गाडे और रोहन कपूर की मिश्रित युगल जोड़ी को जापान की युइची शिमोगामी और सयाका होबारा की जोड़ी से 17-21, 11-21 की हार झेलनी पड़ी और वे प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

जहां पीवी सिंधु ने दमदार वापसी की है, वहीं युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी ने भले ही हार का सामना किया हो, लेकिन उनका प्रदर्शन उम्मीदें जगाता है। भारतीय बैडमिंटन प्रेमियों के लिए सिंधु का फॉर्म में लौटना सुखद संकेत है।