निकोलस पूरन का बल्ला बोला, ट्रिनबागो ने फालकन्स को रौंदा
कैरेबियन प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर मुकाबले में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने जोरदार वापसी करते हुए क्वालीफायर 2 का टिकट कटवा लिया।

भले ही टीम लीग स्टेज के आखिरी तीन मैच हार गई थी और सीधे क्वालीफायर खेलने का मौका चूक गई, लेकिन कप्तान निकोलस पूरन ने एलिमिनेटर में अपनी दमदार बल्लेबाज़ी से सब कुछ बदल दिया।
एंटीगा एंड बरमूडा फालकन्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 166 रन बनाए। एंड्रीज गोस ने 61 और आमिर जंगू ने 55 रनों की अहम पारियां खेलीं। वहीं, शाकिब अल हसन ने 9 गेंदों में 26 रन बनाकर तेजी से रन जोड़े। टीम के बाकी बल्लेबाज़ नाकाम रहे और कोई भी दहाई के आंकड़े को पार नहीं कर सका।
टीकेआर की गेंदबाज़ी की बात करें तो सौरभ नेत्रवल्कर ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि आंद्रे रसेल और उस्मान तारिक को 2-2 विकेट मिले।
सुनील नरेन के खाते में 1 विकेट गया। फालकन्स की पारी में कुल 7 छक्के लगे, जो निकोलस पूरन की बल्लेबाज़ी के सामने फीके लगने वाले थे। 167 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रिनबागो की शुरुआत लड़खड़ाई और तीसरे ओवर में पहला विकेट गिर गया।
लेकिन इसके बाद निकोलस पूरन और एलेक्स हेल्स ने मोर्चा संभाल लिया। हेल्स ने 40 गेंदों पर 54 रन बनाए जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल थे। वहीं, कप्तान निकोलस पूरन पूरी तरह से अलग रंग में नजर आए। उन्होंने सिर्फ 53 गेंदों में नाबाद 90 रन ठोक डाले। इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 8 गगनचुंबी छक्के जड़े।
ऐसा लगा जैसे उन्होंने अकेले ही मैच को खत्म करने की ठान ली हो। उनकी इस आक्रामक पारी के दम पर ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने यह मुकाबला 9 विकेट से जीत लिया और क्वालीफायर 2 में जगह बना ली।
अब टीम का मुकाबला क्वालीफायर 1 में हारने वाली टीम से होगा, जहां जीतने वाली टीम फाइनल का टिकट कटाएगी। निकोलस पूरन की यह पारी टूर्नामेंट की सबसे विस्फोटक पारियों में से एक मानी जा रही है।