भुवनेश्वर को पछाड़कर राशिद खान ने रचा नया कीर्तिमान
अफगानिस्तान के लिए मंगलवार (16 सितंबर) का दिन अच्छा नहीं रहा हो, लेकिन अफगानिस्तान की टीम के कप्तान राशिद खान ने एक इतिहास रच दिया।

अफगानिस्तान को बांग्लादेश के हाथों हार मिली और टीम के एशिया कप 2025 के सुपर 4 में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लगा, लेकिन इस मैच के दौरान राशिद खान टी20 एशिया कप के नए बॉलिंग किंग बन गए। उन्होंने भारतीय गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की बादशाहत को खत्म कर दिया।
करामाती खान के नाम से फेमस राशिद खान अब टी20 एशिया कप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। अभी तक ये रिकॉर्ड भारतीय पेसर भुवनेश्वर कुमार के नाम दर्ज था। भुवनेश्वर कुमार ने 13 विकेट 6 मैचों में निकाले थे, जबकि राशिद खान ने 10 मैचों में 14 विकेट चटकाकर उनकी बादशाहत को समाप्त किया है।
राशिद खान ने बांग्लादेश के खिलाफ अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में 26 रन देकर 2 विकेट निकाले और इस तरह वे भुवनेश्वर से आगे निकल गए। इस मैच से पहले तक राशिद खान के नाम 12 विकेट टी20 एशिया कप के इतिहास में दर्ज थे।
टी-20 एशिया कप के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में राशिद और भुवनेश्वर के बाद श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा का नाम दर्ज है, जिन्होंने 12 विकेट 8 मैचों में निकाले हैं।
इतने ही विकेट यूएई के अमजद जावेद के नाम दर्ज हैं। इसके अलावा भारत के हार्दिक पांड्या भी 12 विकेट निकाल चुके हैं। वे 10 मैच अब तक खेले हैं। हार्दिक पांड्या इस टूर्नामेंट में भुवनेश्वर कुमार को पीछे छोड़ने से 2 विकेट पीछे हैं और राशिद खान का रिकॉर्ड तोड़ने से 3 विकेट दूर हैं।
टी-20 एशिया कप में सबसे ज्यादा विकेट
· राशिद खान – 14 विकेट
· भुवनेश्वर कुमार – 13 विकेट
· वानिंदु हसरंगा – 12 विकेट
· अमजद जावेद- 12 विकेट
· हार्दिक पांड्या – 12 विकेट