Trending

आरपी सिंह पर बीसीसीआई की नजर, चयन पैनल में शामिल होने की तैयारी

हाल के वर्षों में रणजी ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश टीम का प्रदर्शन औसत रहा हो, लेकिन बीसीसीआई में यूपी क्रिकेट का प्रभाव लगातार बना है। इस प्रभावशाली मौजूदगी का बड़ा उदाहरण हैं राजीव शुक्ला, जो लंबे समय से बीसीसीआई में अहम पदों पर कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में यूपी क्रिकेट ने एक नई पहचान बनाई है।

साभार : गूगल

उनके कार्यकाल के दौरान उत्तर प्रदेश से कई खिलाड़ी भारतीय टीम में पहुंचे और देश-प्रदेश का नाम रोशन किया। इनमें मोहम्मद कैफ, आरपी सिंह, सुरेश रैना, प्रवीण कुमार, भुवनेश्वर कुमार और कुलदीप यादव जैसे नाम हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी का परचम लहराया।

सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, चयनकर्ता के तौर पर भी उत्तर प्रदेश के क्रिकेटरों ने बीसीसीआई में खास पहचान बनाई है। पूर्व रणजी क्रिकेटर आनंद शुक्ला राष्ट्रीय चयन समिति में जगह पाने वाले पहले यूपी के खिलाड़ी थे। उनके बाद पूर्व टेस्ट खिलाड़ी गोपाल शर्मा और सेंट्रल ज़ोन के पूर्व क्रिकेटर राजेंद्र सिंह हंस भी चयन समिति में शामिल हुए।

इसके अलावा राम प्रकाश भारद्वाज और ज्ञानेंद्र पांडे जैसे पूर्व क्रिकेटर जूनियर राष्ट्रीय चयन पैनल का हिस्सा रह चुके हैं। अब एक बार फिर उत्तर प्रदेश के क्रिकेटरों का बीसीसीआई के चयन पैनल में प्रभाव बढ़ता दिख रहा है।

बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार, टीम इंडिया के पूर्व लेफ्ट-आर्म तेज़ गेंदबाज़ आरपी सिंह (रुद्र प्रताप सिंह) ने नई चयन समिति के लिए आवेदन किया है और उनके नाम पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। वहीं, स्विंग गेंदबाज़ी में माहिर रहे प्रवीण कुमार ने भी चयनकर्ता बनने के लिए आवेदन किया है।

इसके अलावा, पूर्व लेफ्ट-आर्म स्पिनर प्रज्ञान ओझा का नाम भी चयन पैनल के संभावित सदस्यों में चर्चा में है। बताया जा रहा है कि बीसीसीआई ने आरपी सिंह और प्रज्ञान ओझा दोनों से आवेदन करने का अनुरोध किया था।

अब क्रिकेट एडवाइजरी कमिटी की मुहर के बाद एजीएम से पहले अंतिम निर्णय लिया जाएगा। यह बदलाव ऐसे समय हो रहा है जब मौजूदा चयन समिति के सदस्य एस. शरथ और सुब्रतो बनर्जी का बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है। वर्तमान में अजीत अगरकर राष्ट्रीय चयन समिति के चेयरमैन हैं।

39 वर्षीय आरपी सिंह ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 82 मैच खेले, जिनमें उन्होंने 124 विकेट चटकाए। इनमें 14 टेस्ट में 40, 58 वनडे में 69 और 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 15 विकेट भी हैं। इस बीच खबर यह भी है कि उत्तर प्रदेश के एक और पूर्व रणजी गेंदबाज ने चयनकर्ता पद के लिए आवेदन किया है, हालांकि उनका नाम अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है।