Trending

नीरज चोपड़ा ने क्वालीफिकेशन में दिखाया दम, फाइनल में बनाई जगह

गत विजेता नीरज चोपड़ा ने पहले ही थ्रो में क्वालीफिकेशन का 84 . 50 मीटर का आंकड़ा पार करते हुए विश्व चैम्पियनशिप पुरूष भालाफेंक स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता 27 वर्षीय नीरज ने क्वालीफिकेशन दौर में ग्रुप ए में पहला ही थ्रो 84.85 मीटर का फेंका।

@afiindia

चोपड़ा पहले थ्रो फेंकने के लिये उतरे थे और फाइनल में जगह बनाने के साथ ही रवाना भी हो गए। क्वालीफिकेशन का 84 . 50 मीटर का आंकड़ा छूने वाले या सर्वश्रेष्ठ 12 खिलाड़ी गुरुवार को होने वाले फाइनल में जगह बनायेंगे।

जर्मनी के जूलियर वेबर ने भी 87 . 21 मीटर के थ्रो के साथ क्वालीफाई किया। ग्रुप ए में 19 खिलाड़ियों में केशोर्न वालकॉट, याकूब वालेश और भारत के सचिन यादव भी हैं। ग्रुप बी में पाकिस्तान के ओलंपिक चैम्पियन अरशद नदीम, एंडरसन पीटर्स, जूलियस येगो, रोहित यादव ,यशवीर सिंह भी हैं।

बुडापेस्ट में पिछली विश्व चैम्पियनशिप में नीरज ने 88 . 17 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण अपने नाम किया था, नदीम दूसरे और वालेश तीसरे स्थान पर रहे थे। चोपड़ा की निगाहें विश्व चैम्पियनशिप स्वर्ण पदक कायम रखने वाले तीसरे पुरूष भालाफेंक खिलाड़ी बनने पर लगी होंगी।

चोपड़ा के मौजूदा कोच चेक गणराज्य के जान जेलेज्नी (1993 और 1995) और पीटर्स (2019 और 2022) ही यह कमाल कर चुके हैं। पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद चोपड़ा की टक्कर पहली बार नदीम से होगी। नदीम ने पेरिस ओलंपिक में 92 . 97 का थ्रो फेंककर स्वर्ण जीता था जबकि टोक्यो ओलंपिक चैम्पियन चोपड़ा 89 . 45 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे।