एशिया कप में पाक टीम का ड्रामा : मैच से पीछे हटी, यूएई को वॉकओवर का खतरा!
एशिया कप का 10वां मैच दुबई में पाकिस्तान और मेजबान यूएई के बीच होना है, लेकिन मैच शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम का जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला।

पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया कि टीम मैच नहीं खेलेगी और खिलाड़ी होटल से ग्राउंड नहीं पहुंचे। हालांकि बाद में पीसीबी ने कहा कि मुकाबला एक घंटे की देरी से शुरू होगा।
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, टीम होटल से स्टेडियम रवाना होने में देर कर रही थी। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी और रमीज राजा दुबई के अधिकारियों से लगातार संपर्क में हैं।
पाकिस्तान ने आईसीसी से दो मांगें रखी हैं:
· भारत-पाक मैच के रेफरी एंडी पॉयक्रॉफ्ट माफी मांगें।
· भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव पर पहलगाम का जिक्र कर राजनीति लाने के आरोप में पेनल्टी लगे।
अगर पाकिस्तान यह मैच नहीं खेलता तो यूएई को वॉकओवर मिलेगा और 2 अंक लेकर यूएई की टीम सुपर-4 में पहुंच जाएगी। रविवार को हुए भारत-पाक मुकाबले में विवाद तब शुरू हुआ, जब भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी प्लेयर्स से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया।
पाकिस्तान ने इसका ठीकरा रेफरी एंडी पॉयक्रॉफ्ट पर फोड़ा और आईसीसी से शिकायत दर्ज कराई। पीसीबी ने मांग की थी कि पॉयक्रॉफ्ट को हटाया जाए, लेकिन आईसीसी ने इनकार कर दिया।
ग्रुप-बी समीकरण
· भारत ने दोनों मैच जीतकर सुपर-4 में जगह बना ली है।
· ओमान दोनों मैच हारकर बाहर हो गया।
· पाकिस्तान और यूएई के बीच यह मुकाबला तय करता कि कौन सुपर-4 में जाएगा।
· पाकिस्तान के पीछे हटने की स्थिति में अब यूएई सीधे सुपर-4 में पहुंच जाएगा।
मैच से पहले होटल के बाहर पाक टीम के लिए बस खड़ी रही, लेकिन खिलाड़ी देर तक नहीं निकले। वहीं, यूएई की टीम समय पर मैदान में पहुंच चुकी थी। इस वजह से मैच शुरू होने में देरी हुई और माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।