नारायण जगदीशन की शानदार पारी, भारत ए की ठोस शुरुआत
नारायण जगदीशन के नाबाद अर्धशतक से भारत ए ने मंगलवार को पहले अनौपचारिक टेस्ट के वर्षा प्रभावित दूसरे दिन अच्छी शुरुआत की। ऑस्ट्रेलिया ए द्वारा छह विकेट पर 532 रन बनाकर पारी ऐलान के जवाब में भारत ए ने स्टंप्स तक एक विकेट पर 116 रन बना लिए थे।

जगदीशन 95 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 50 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए हैं, जबकि बी. साई सुदर्शन 20 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। भारत ए पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया ए से 416 रन पीछे है।
दिन की शुरूआत नियत समय से आधे घंटे पहले हुई ताकि पहले दिन के खेल के नुकसान की भरपाई हो सके। इससे पहले, सलामी जोड़ी जगदीशन और अभिमन्यु ईश्वरन ने पहले विकेट के लिए 88 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। ईश्वरन ने 58 गेंदों में छह चौकों की मदद से 44 रन बनाए, लेकिन 22वें ओवर में लियाम स्कॉट की गेंद पर बोल्ड हो गए।
बारिश की वजह से दूसरे दिन सिर्फ 55 ओवर का ही खेल संभव हो पाया और दिन का खेल समय से पहले समाप्त करना पड़ा। ऑस्ट्रेलिया ए की पारी में विकेटकीपर बल्लेबाज जोश फिलिप ने तूफानी शतक लगाकर भारतीय गेंदबाजों की कमर तोड़ दी। उन्होंने सिर्फ 87 गेंदों में 18 चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 123 रन बनाए।
उनके साथ जेवियर बार्टलेट ने 24 गेंदों में नाबाद 39 रन की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों ने मिलकर सातवें विकेट के लिए 62 गेंदों में 118 रन की अटूट साझेदारी की, जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ए ने पारी घोषित कर दी। दिन की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया ए ने पांच विकेट पर 337 रन से की थी।
स्कॉट (81) शतक के करीब पहुंचकर आउट हो गए। उन्हें तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने श्रेयस अय्यर के हाथों कैच कराया। स्कॉट ने 122 गेंदों में आठ चौके और दो छक्के लगाए।
भारत ए से हर्ष दुबे ने 141 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि गुरनूर बरार ने 87 रन देकर दो सफलताएं हासिल कीं। अनुभवी तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को 16 ओवर में 86 रन खर्च करने के बावजूद कोई विकेट नहीं मिला।
28 वर्षीय जॉश फिलिप ने साल 2021 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। अब तक उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की ओर से 3 वनडे मैच और 12 T20I मैच खेले हैं, लेकिन टेस्ट में उनका डेब्यू अभी तक नहीं हुआ है। इंडिया-ए के खिलाफ शानदार शतक के बाद फिलिप की ऑस्ट्रेलिया टीम में वापसी की उम्मीदें फिर से जिंदा हो गई हैं।