Trending

भारत-पाक मैच विवाद के बाद एसीसी ने लगाए प्रेस कांफ्रेंस पर नए प्रतिबंध

एशियाई क्रिकेट परिषद ने पिछले रविवार को भारत-पाकिस्तान मैच के बाद से जारी तनावपूर्ण स्थिति को शांत करने के लिए पत्रकारों को प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजनीतिक सवाल पूछने से रोकने के लिए नए दिशानिर्देश जारी किए हैं।

साभार : गूगल

गुरुवार को स्पिनर कुलदीप यादव की प्रेस कांफ्रेंस से पहले एसीसी के एक मीडिया अधिकारी ने भारतीय मीडिया से ‘कोई भी राजनीतिक सवाल पूछने से बचने’ का अनुरोध किया।

इस कदम को नुकसान की भरपाई के तौर पर देखा जा रहा है क्योंकि एसीसी का मीडिया विभाग पहले से ही इस विवाद से निपटने के तरीके को लेकर जांच के घेरे में है।

उदाहरण के लिए यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम से इस हफ्ते की शुरुआत में एक मैच के लिए पाकिस्तान के देरी से पहुंचने को लेकर बार-बार सवाल पूछे गए थे। यह विवाद तब पैदा हुआ जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के समय अपने पाकिस्तानी समकक्ष सलमान अली आगा से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया।

पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों के सम्मान में भारतीय खिलाड़ियों ने मैच के बाद भी विरोधी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। भारतीय पत्रकारों द्वारा प्रेस कांफ्रेंस में लगातार कड़े सवाल पूछे जाने के बाद इस महाद्वीपीय संस्था ने अब राजनीतिक सवालों पर रोक लगाने का फैसला किया है।

आईसीसी बोर्ड के एक वरिष्ठ सदस्य ने सवाल उठाया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड टीम के प्रशिक्षण के लिए मौजूद होने के बावजूद मैच पूर्व अनिवार्य प्रेस कांफ्रेंस में कैसे शामिल नहीं हुआ।

अधिकारी ने पूछा, ‘‘अगर कोई संक्रामक बीमारी है या कोई टीम शोक में है तो यह समझ में आता है। लेकिन पाकिस्तान प्रेस कांफ्रेंस में शामिल क्यों नहीं हुआ?’’ यह प्रेस कांफ्रेंस पाकिस्तान-यूएई मैच से पहले होनी थी।