धीमी ओवर गति के चलते ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम पर मैच फीस का 10% जुर्माना
ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम पर भारत के खिलाफ मुल्लांपुर (चंडीगढ़) में खेले गए दूसरे वनडे में धीमी ओवर गति की वजह से मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।

बुधवार को हुए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को भारत के हाथों 102 रन की बड़ी हार मिली, जो रनों के लिहाज से उसकी अभी तक की सबसे बड़ी हार है। इस मैच के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तय समय सीमा में दो ओवर कम डाले, जिसकी वजह से यह जुर्माना लगाया गया। आईसीसी मैच रेफरी जीएस लक्ष्मी ने यह दंड लगाया।
आईसीसी ने बयान में कहा, “आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार, धीमी ओवर गति के लिए प्रत्येक ओवर कम होने पर खिलाड़ियों की मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।
चूंकि ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित समय में दो ओवर कम फेंके, इसलिए टीम पर कुल 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।” ऑस्ट्रेलिया ने यह जुर्माना स्वीकार कर लिया है, इसलिए मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। यह आरोप मैदानी अंपायर वृंदा राठी और जननी नारायणन, तीसरे अंपायर लॉरेन एजेनबैग और चौथे अंपायर गायत्री वेणुगोपालन द्वारा लगाया गया था।