Trending

एसजी पाइपर्स में बड़ा बदलाव, नए कोचों के साथ नई शुरुआत की तैयारी

पिछले साल हॉकी इंडिया लीग के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद दिल्ली की एसजी पाइपर्स टीम ने अपने कोचिंग ढांचे में आमूलचूल बदलाव करते हुए अगले सत्र के लिए टिम ओडेनलर और सोफी गिएर्ट्स को क्रमश: पुरुष और महिला टीमों का मुख्य कोच बनाया है।

साभार : गूगल

ओडेनलर पूर्व भारतीय कोच ग्राहम रीड की जगह लेंगे, जबकि बेल्जियम की पूर्व खिलाड़ी गिएर्ट्स को डेव स्मोलेनर्स की जगह महिला टीम का मुख्य कोच बनाया गया है। एसजी पाइपर्स पिछले सत्र में आठ टीमों की लीग में अंतिम स्थान पर रहा था। उसकी टीम तब एक भी जीत हासिल नहीं कर पाई थी।

पाइपर्स ने अपनी पिछली एचआईएल टीम के 24 खिलाड़ियों में से 17 खिलाड़ियों को भी कायम रखा है। जिन प्रमुख खिलाड़ियों को रिलीज किया गया है उनमें ऑस्ट्रेलिया के कोरी वेयर, जेक व्हेटन और बेंजामिन रेनी तथा जापान के कोजी यामासाकी भी हैं।

रिटेन किए गए खिलाड़ियों में ओलंपिक पदक विजेता शमशेर सिंह, वरुण कुमार, जरमनप्रीत सिंह, राजकुमार पाल और टॉमस सैंटियागो के साथ-साथ गैरेथ फरलोंग, काई विलोट और टॉमस डोमेन जैसे युवा खिलाड़ी भी हैं।

एसजी पाइपर्स पुरुष कोचिंग स्टाफ: टिम ओडेनलर (मुख्य कोच), शिवेंद्र सिंह (सहायक कोच), इवर निल्स नॉट्स्के (विश्लेषणात्मक कोच)।

एसजी पाइपर्स महिला कोचिंग स्टाफ: सोफी गिएर्ट्स (मुख्य कोच), हेलेन मैरी (सहायक कोच), मिशेल किन्नन (विश्लेषणात्मक कोच)।