आमिर कलीम ने 43 वर्ष की उम्र में टी20 एशिया कप में अर्धशतक जड़ा
एशिया कप में भारत के खिलाफ खेले गए मैच में ओमान के अनुभवी सलामी बल्लेबाज आमिर कलीम ने शानदार अर्धशतक लगाया। आमिर ने 43 साल और 303 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की और इसी के साथ वह टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में अर्धशतक जड़ने वाले सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए।

उन्होंने अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने एक दिन पहले ही श्रीलंका के खिलाफ 22 गेंदों में 60 रन की तूफानी पारी खेली थी। उस वक्त नबी की उम्र 40 साल और 260 दिन थी। इस सूची में तीसरे नंबर पर श्रीलंका के दिग्गज तिलकरत्ने दिलशान हैं, जिन्होंने 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ मीरपुर में नाबाद 75 रन बनाए थे।
उस समय दिलशान की उम्र 39 साल और 142 दिन थी। अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 188 रन बनाए। भारत के लिए संजू सैमसन ने 45 गेंदों में 3 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 56 रन बनाए।
अभिषेक शर्मा ने तेजतर्रार पारी खेलते हुए 15 गेंदों में 38 रन जोड़े, जबकि तिलक वर्मा ने 29 रन का योगदान दिया। ओमान से शाह फैसल, जितेन रामानंदी और आमिर कलीम ने 2-2 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओमान टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 167 रन ही बना सकी।
टीम के लिए आमिर कलीम ने 46 गेंदों में 2 छक्के और 7 चौकों की मदद से 64 रन बनाए। उनके अलावा हम्माद मिर्जा ने 33 गेंदों में 51 रन की शानदार पारी खेली।
भारत से हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा और कुलदीप यादव ने 1-1 विकेट हासिल किया। ग्रुप-ए से भारत और पाकिस्तान ने सुपर-4 के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जबकि ग्रुप-बी से श्रीलंका और बांग्लादेश ने अगले दौर में जगह बनाई है।