चिराग-सात्विक ने मलेशियाई दिग्गजों को चटाई धूल, चाइना मास्टर्स के फाइनल में पहुंचे
भारत के सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार बैडमिंटन जोड़ी ने शनिवार को चाइना मास्टर्स सुपर 750 टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मलेशिया के पूर्व विश्व चैंपियन आरोन चिया और सोह वूई यिक को 21-17, 21-14 से मात देकर लगातार दूसरे टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली।

पिछले सप्ताह विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने और हांगकांग ओपन में उपविजेता रहने के बाद एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता इस भारतीय जोड़ी ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ एक और जीत दर्ज की।
मुकाबले से पहले सात्विक और चिराग का रिकॉर्ड मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ 4-11 था, लेकिन हाल ही में पेरिस में हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी उन्होंने इन्हें हराकर कांस्य पदक पक्का किया था। सेमीफाइनल में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और फ्रंट कोर्ट पर अपना दबदबा बनाए रखा।
मलेशियाई खिलाड़ी खासकर आरोन, पूरे 41 मिनट तक चले इस मुकाबले में लय में नहीं दिखे। पहले गेम में मुकाबला काफी कड़ा रहा। एक समय आरोन और सोह ने लगातार चार अंक लेकर 10-7 की बढ़त बना ली थी, लेकिन आरोन की तीन गलतियों ने सात्विक और चिराग को वापसी का मौका दिया। ब्रेक तक मलेशियाई टीम एक अंक से आगे थी।
इसके बाद आरोन नेट पर फिर चूके, जिससे भारतीय जोड़ी ने बढ़त हासिल कर ली। सात्विक के जबरदस्त स्मैश और प्रतिद्वंद्वियों की लगातार गलतियों ने स्कोर को 18-14 कर दिया। सात्विक के बेहतरीन रिटर्न से भारतीय टीम को चार गेम प्वाइंट मिले और उन्होंने पहला गेम जीत लिया।
दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने तेज शुरुआत करते हुए 5-2 की बढ़त बनाई और फिर उसे 8-2 तक पहुंचाया। हालांकि मलेशियाई जोड़ी ने वापसी की कोशिश करते हुए स्कोर 6-8 तक पहुंचाया, लेकिन ब्रेक तक भारतीय टीम 11-6 से आगे थी।
इसके बाद सात्विक-चिराग ने 15-9 की बढ़त बनाई, जिसे 16-12 किया और अंत में मलेशियाई खिलाड़ियों की गलतियों का भरपूर फायदा उठाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय जोड़ी ने फाइनल में कदम रख लिया है और एक और खिताब की ओर मजबूती से बढ़ रही है।