बेथ मूनी का अनुभव : चैंपियन बनने के लिए धैर्य और सामंजस्य जरूरी
आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बेथ मूनी का मानना है कि परिस्थितियों से जल्द से जल्द सामंजस्य बिठाना और धैर्य बनाए रखना किसी भी चैंपियन टीम की पहचान है और आगामी महिला विश्व कप में इन गुणों की एक बार फिर परीक्षा होगी।

सात बार की विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ वनडे श्रृंखला में अपनी इन दोनों ही खूबियों का बखूबी प्रदर्शन किया। उसने शनिवार को यहां तीसरे वनडे में 43 रन से जीत के साथ श्रृंखला 2-1 से अपने नाम कर ली।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मूनी ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि विश्व कप जीतने के लिए आपको परिस्थितियों से जल्द से जल्द सामंजस्य बिठाने वाली और सबसे अधिक धैर्य रखने वाली टीम बनना होगा।’’ भारत ने विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पलटवार किया लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने धैर्य बनाए रखा और आखिर में जीत दर्ज की।
भारत से स्मृति मंधाना ने 63 गेंदों पर 125 रन, हरमनप्रीत कौर ने 52 और दीप्ति शर्मा ने अंत में 72 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया से 138 रन की जबरदस्त पाली खेलने वाली मूनी ने कहा, ‘‘हमने आज तब अपनी इन खूबियों का बखूबी प्रदर्शन किया जब स्मृति ने तेजी से रन बनाए और हरमनप्रीत के साथ बड़ी साझेदारी की। बाद में दीप्ति ने भी अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन हमने अपना धैर्य बनाए रखा।’’