Trending

भारत की आईसीसी रैंकिंग में बड़ी गिरावट, इंग्लैंड ने छीनी दूसरी जगह

हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-2 से हार मिली। शनिवार, 20 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 413 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।

साभार : गूगल

भारत ने रनचेज में शानदार प्रदर्शन किया और स्मृति मंधाना के तूफानी शतक की मदद से 369 रनों तक पहुंचा। लेकिन टीम इंडिया को इस निर्णायक मैच में 43 रनों से हार मिली। इस हार के साथ भारत ने न केवल सीरीज गंवाई, बल्कि आईसीसी रैंकिंग में भी गिरावट देखी।

दिल्ली में हुए इस मैच से पहले भारत दूसरे स्थान पर था जबकि ऑस्ट्रेलिया पहले नंबर पर था। ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के बाद भी नंबर-1 की स्थिति कायम रखी, वहीं भारत तीसरे स्थान पर खिसक गया। भारत की हार से इंग्लैंड को फायदा हुआ, जो अब दूसरे नंबर पर आ गया है।

ऑस्ट्रेलिया को रेटिंग में कुछ नुकसान हुआ है, मैच से पहले उनकी रेटिंग 167 थी, जो अब 164 रह गई है। वहीं भारत की रेटिंग 126 है। 30 सितंबर से शुरू होने वाले वुमेंस वर्ल्ड कप से पहले यह रैंकिंग में गिरावट खिलाड़ियों के मनोबल को प्रभावित कर सकती है। इस मैच में स्मृति मंधाना ने इतिहास रचते हुए मात्र 50 गेंदों में शतक बनाया।

वह अब मेन्स और वुमेंस क्रिकेट मिलाकर सबसे तेज वनडे शतक लगाने वाली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। भारत ने इस हार के बावजूद महिला वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बनाया है।

पहली बार भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 300 रनों का आंकड़ा पार किया, और इंग्लैंड का 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 298/8 का रिकॉर्ड तोड़ दिया।