Trending

मिथुन मन्हास ने बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए भरा नामांकन

दिल्ली के पूर्व कप्तान मिथुन मन्हास ने रविवार को बीसीसीआई के अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन बोर्ड मुख्यालय में दाखिल किया।

साभार : गूगल

मन्हास ने अपने लंबे घरेलू क्रिकेट करियर (1997-98 से 2016-17) के दौरान 157 प्रथम श्रेणी, 130 लिस्ट ए और 91 टी20 मुकाबले खेले हैं। वह वर्तमान में बीसीसीआई अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। गौरतलब है कि मौजूदा अध्यक्ष रोजर बिन्नी का कार्यकाल पिछले महीने समाप्त हो चुका है।

45 वर्षीय मन्हास का नाम नई दिल्ली में हुई एक अनौपचारिक बैठक के बाद सामने आया, जिसमें उन्हें अध्यक्ष पद के लिए समर्थन देने का निर्णय लिया गया। बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक अगले रविवार को आयोजित होगी, जिसमें बोर्ड के अन्य प्रमुख पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘अगले कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का गठन हो रहा है। मिथुन मन्हास एक पूर्व खिलाड़ी हैं और उन्हें अध्यक्ष पद के लिए चुना गया है। आईपीएल संचालन परिषद के अध्यक्ष अरुण धूमल अपने पद पर बने रहेंगे।’’

नामांकन दाखिल करने वालों में बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया, आईपीएल संचालन परिषद के अध्यक्ष अरुण धूमल और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष तथा पूर्व भारतीय क्रिकेटर रघुराम भट भी हैं। भट कोषाध्यक्ष पद की दौड़ में हैं।