‘वनXबेट’ मनी लॉन्ड्रिंग केस : रॉबिन उथप्पा से ईडी की 8 घंटे लंबी पूछताछ
प्रवर्तन निदेशालय ने ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप ‘वनXबेट’ से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सोमवार को पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा से आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की।

केंद्रीय एजेंसी ने इस दौरान उनका बयान दर्ज किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि उथप्पा (39) सुबह करीब 11 बजे एजेंसी के कार्यालय पहुंचे और शाम साढ़े सात बजे वहां से बाहर निकले। उन्होंने बताया कि क्रिकेटर से पूछताछ की गई और मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज किया गया।
इससे पहले, एजेंसी इस मामले में क्रिकेटर सुरेश रैना, शिखर धवन, अभिनेत्री और तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद मिमि चक्रवर्ती और बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा से पूछताछ कर चुकी है। ईडी ने इसी मामले में पूछताछ के लिए पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और अभिनेता सोनू सूद को भी तलब किया है।