29 की उम्र में संन्यास, फ्रेया डेविस अब बनेंगी वकील
इंग्लैड की महिला क्रिकेट टीम की तेज गेंदबाज फ्रेया डेविस ने क्रिकेट की दुनिया को अलविदा कह दिया है। फ्रेया डेविस सिर्फ 29 साल की हैं, लेकिन वह अब आपको आगे प्रोफेशनल क्रिकेट खेलती हुई नजर नहीं आएंगी।

फ्रेया डेविस ने ये फैसला इसलिए किया है, क्योंकि अब अपना करियर वकालत की दुनिया में बनाना चाहती हैं। अब वह क्रिकेट छोड़कर कानून के क्षेत्र में ट्रेनी सॉलिसिटर के रूप में अपना नया करियर शुरू करने जा रही हैं। हैंपशायर की महिला टीम को वनडे कप के फाइनल में लंकाशायर के खिलाफ हार मिली और यह फ्रेया डेविस का आखिरी प्रोफेशनल मैच था।
फ्रेया डेविस ने नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में 41 रनों की पारी खेली। इसके अलावा 9.3 ओवर में 38 रन देकर फ्रेया डेविस ने एक विकेट भी लिया, लेकिन ये किसी काम नहीं आया, क्योंकि गैबी लेविस ने सेंचुरी जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई। फ्रेया डेविस ने टीनएजर के तौर पर ससेक्स के लिए डेब्यू किया था।
फ्रेया डेविस ने इंग्लैंड के लिए टी20 और वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट खेली है। हालांकि, कई बार उनका नाम टेस्ट टीम में आया, लेकिन वह डेब्यू नहीं कर पाईं। फ्रेया डेविस को 35 इंटरनेशनल मैचों का अनुभव है। करीब 15 साल तक उन्होंने क्रिकेट खेला, लेकिन अब वह एक अलग दुनिया में अपना करियर बनाने की कोशिश में हैं।
2019 के बाद से 2023 तक 9 वनडे और 26 टी20 मैच खेलने वालीं फ्रेया डेविस ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 23 और वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 10 विकेट निकाले थे।
फ्रेया डेविस ने अपने करियर की शुरुआत महज 14 साल की उम्र में ससेक्स टीम से की थी। किया सुपर लीग से वह फेमस हुई थीं और जल्द ही उन्हें देश की टीम के लिए खेलने का मौका मिल गया था। हालांकि, दो साल वह टीम से बाहर थीं।