गेंदबाजों के लिए कहर, बल्लेबाजी में बवाल – नाम है अभिषेक शर्मा
गेंदबाजों के लिए तबाही का दूसरा नाम है अभिषेक शर्मा, वह भारत के नए सिक्सर किंग बनकर सामने आये हैं। शुरुआती 20 टी20 इंटरनेशल पारियों में भारत के लिए लगाए गए सिक्स की बात करें तो वह अपने गुरु युवराज सिंह को भी पीछे छोड़ चुके हैं। कोई भी दूसरा बल्लेबाज उनके आस-पास तक नहीं है।

अभिषेक शर्मा : टी20 इंटरनेशनल में शुरुआती 20 पारियों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीयों की बात करें तो अभिषेक शर्मा टॉप पर हैं। उन्होंने 20 पारियों में 53 छक्के जड़े हैं। स्ट्राइक संभालने के साथ ही उनका विध्वंसक अंदाज दिखने लगता है।
एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ सुपर 4 मुकाबले में उन्होंने आते ही शाहीन शाह अफरीदी की पहली ही गेंद पर शानदार छक्का लगाया था। मैच में उन्होंने 39 गेंदों में 74 रन की जबरदस्त पारी खेली। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अभिषेक ने अपनी पारी में 5 छक्के जड़े थे।
युवराज सिंह : शुरुआती 20 टी-20 पारियों में सबसे ज्यादा छक्का लगाने वाले भारतीयों की लिस्ट में बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज रहे युवराज सिंह दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने इस दौरान 38 छक्के लगाए थे।
यशस्वी जायसवाल : युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपनी शुरुआती 20 टी20 इंटरनेशल पारियों में 36 छक्के उड़ाए थे। एशिया कप की स्क्वाड में उन्हें नहीं चुना गया था। हालांकि उन्हें रिजर्व खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल किया गया था।
तिलक वर्मा : यशस्वी जायसवाल की तरह ही तिलक वर्मा ने भी शुरुआती 20 T20I पारियों में 36 सिक्स जड़े हैं। वह एशिया कप में खेल रहे हैं और पिछले कुछ सालों से वह टी20 इंटरनेशनल में भारतीय बल्लेबाजी की मजबूत कड़ी के तौर पर उभरे हैं।
एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ सुपर 4 मुकाबले में उन्होंने 19 गेंदों में 30 रन की नाबाद पारी खेली थी। इस दौरान उन्होंने 2 शानदार छक्के लगाए थे।
सूर्यकुमार यादव : भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी शुरुआती 20 टी20 इंटरनेशनल पारियों में 35 छक्के उड़ाए थे। हालांकि एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ सुपर 4 मुकाबले में वह बिना खाता खोले आउट हो गए थे।