Trending

भारतीय जूनियर निशानेबाजों का जलवा : महिलाओं ने जीते तीनों पदक, पुरुषों ने जोड़ा दमदार योगदान

भारतीय जूनियर महिला निशानेबाजों ने आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को यहां 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में पदकों की क्लीन स्वीप की। पुरुष निशानेबाजों ने भी इसी स्पर्धा में एक रजत और एक कांस्य पदक जीतकर भारत की मजबूत शुरुआत सुनिश्चित की।

कजाखस्तान में हाल ही में संपन्न एशियाई चैंपियनशिप में 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशंस का जूनियर स्वर्ण जीतने वाली अनुष्का ठोकुर ने डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 621.6 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया।

इस गैर-ओलंपिक स्पर्धा में 18 वर्षीय अंशिका ने 619.2 अंकों के साथ रजत पदक जीता, जबकि 20 वर्षीय आध्या अग्रवाल ने 615.9 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।

पुरुष वर्ग की 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में दीपेंद्र सिंह शेखावत ने 617.9 अंकों के साथ रजत और रोहित कन्यान ने 616.3 अंकों के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया।

इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक व्यक्तिगत तटस्थ एथलीट (एआईएन) कामिल नुरियाखमेतोव ने 618.9 अंकों के साथ जीता। अन्य भारतीय प्रतिभागियों में नितिन वाघमारे पांचवें, कुशाग्र सिंह आठवें और कुणाल शर्मा 11वें स्थान पर रहे।