Trending

रविचंद्रन अश्विन बीबीएल में खेलने वाले पहले भारतीय दिग्गज बने

अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन गुरुवार को बिग बैश लीग के आगामी सत्र के लिए सिडनी थंडर से जुड़ गए और इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाले भारत के पहले बड़े क्रिकेटर बने।

@ThunderBBL

हाल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल को अलविदा कहने वाले 39 वर्षीय अश्विन 14 दिसंबर से 25 जनवरी तक होने वाले बीबीएल के दूसरे हाफ में उपलब्ध होंगे।

‘क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू’ ने अश्विन के हवाले से कहा, ‘‘सिडनी थंडर मेरे इस्तेमाल के बारे में स्पष्ट थे। उनके साथ मेरी बातचीत बहुत अच्छी रही, और हम मेरी भूमिका को लेकर पूरी तरह सहमत हैं। ’’उन्होंने कहा, ‘‘मुझे डेव वार्नर का खेल बहुत पसंद है। मैं टीम के लिए प्रदर्शन करने के लिए बेताब हूं।’’

सिडनी थंडर के महाप्रबंधक ट्रेंट कोपलैंड ने इसे बीबीएल के इतिहास में सबसे बड़ा करार बताया। कोपलैंड ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह बीबीएल के इतिहास में यकीनन सबसे बड़ा करार है, पहला महान भारतीय और खेल का आइकॉन। वह बहुत प्रतिस्पर्धी खिलाड़ी है।’’

अश्विन बीबीएल में खेलने वाले पहले भारतीय पुरुष क्रिकेटर होंगे। भारत में जन्में उन्मुक्त चंद और निखिल चौधरी विदेश में प्रवास के बाद बीबीएल में खेले थे।

अश्विन आईएलटी 20 नीलामी में भी शामिल हुए हैं। चार जनवरी को लीग के खत्म होने के बाद वह बीबीएल के दूसरे हाफ में थंडर से जुड़ेंगे।

बीसीसीआई के सक्रिय खिलाड़ी विदेशी लीग नहीं खेल सकते जब तक कि वह राष्ट्रीय टीम या आईपीएल टीम से जुड़े हों। अश्विन ने भारत के लिये 537 टेस्ट विकेट लिये हैं और आईपीएल में 221 मैचों में 187 विकेट चटकाये हैं।