Trending

एशिया कप : भारत की छठी जीत, अब फाइनल में भिड़ंत पाकिस्तान से

एशिया कप में भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए बेहद रोमांचक मैच में पाथुम निसांका के आक्रामक शतक ने भारतीय गेंदबाजों पर पहली बार दबाव बनाया, सुपर ओवर में अर्शदीप सिंह के बेहतरीन प्रदर्शन से टीम इंडिया ने श्रीलंका को मात देकर टूर्नामेंट में लगातार छठी जीत दर्ज की।

@BCCI

टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में चल रहे अभिषेक शर्मा के तीसरे अर्धशतक से भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 202 रन बनाये। जवाब में निसांका के शतक से श्रीलंका ने जीत की ओर लगभग कदम रख दिया था।

हर्षित राणा के अंतिम ओवर में उसे 12 रन और आखिरी गेंद पर तीन रन चाहिये थे जिस पर दासुन शनाका दो ही रन ले पाये और मैच सुपर ओवर में गया।

सुपर ओवर अर्शदीप के नाम रहा जिन्होंने पांच गेंद में दो रन देकर दो विकेट लिये। भारत को तीन रन का लक्ष्य मिला जो कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहली ही गेंद पर हासिल कर लिया। फाइनल में रविवार को भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। टूर्नामेंट में ग्रुप चरण और सुपर 4 में भारत उसे हरा चुका है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए कुसल मेंडिस को हार्दिक पंड्या ने पहले ही ओवर में आउट कर दिया। निसांका (107 रन) और परेरा (58 रन) ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। हर्षित ने चार ओवर में 54 रन देकर एक विकेट लिया जबकि अर्शदीप ने चार ओवर में 46 रन दिये।

बायें हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल ने तीन ओवर में 32 रन दे डाले। श्रीलंका के दोनों बल्लेबाजों ने 12 ओवर से कम में 128 रन जोड़कर सूर्यकुमार की चिंता बढा दी। वरूण चक्रवर्ती ने परेरा को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा। आगे बढकर खेलने के प्रयास में परेरा चूके और संजू सैमसन ने स्टम्पिंग में चूक नहीं की।

चरित असलंका (पांच) और कामिंदु मेंडिस (तीन) जल्दी आउट हो गए। निसांका ने अर्शदीप के ओवर में अपना शतक 52 गेंद में पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और छह छक्के लगाये। अभिषेक ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए अर्धशतक लगाया जबकि सैमसन ने 39 रन की उपयोगी पारी खेलकर भारत को पांच विकेट पर 202 रन तक पहुंचाया।    

इस टूर्नामेंट में किसी भी टीम का सर्वोच्च स्कोर रहा। भारत ने ओमान के खिलाफ और अफगानिस्तान ने हांगकांग के खिलाफ 188 रन बनाये थे। अभिषेक ने 61 रन बनाये जबकि पांचवें नंबर पर सैमसन ने 39 रन बनाये। तिलक वर्मा ने नाबाद 49 रन बनाये।

पूरे टूर्नामेंट की तरह अभिषेक ने पावरप्ले में गेंदबाजों को खासी नसीहत दी और अर्धशतकों की हैट्रिक लगाई। उन्होंने इस पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाये जबकि शुभमन गिल और कप्तान सूर्यकुमार यादव सस्ते में आउट हो गए। अभिषेक तीसरी बार शतक से चूक गए और श्रीलंका के कप्तान चरित असलंका की गेंद पर डीप मिडविकेट सीमा पर कैच दे बैठे।

गिल चार रन बनाकर महीष तीक्षणा का शिकार हुए। कप्तान सूर्यकुमार (12) को वानिंदु हसरंगा ने पगबाधा आउट किया। नये बल्लेबाजी क्रम में अपनी लय तलाश रहे सैमसन टूर्नामेंट में पहली बार शानदार फॉर्म में दिखे। उन्होंने तीन छक्के लगाये जिनमें हसरंगा को लगाया गया छक्का शानदार था।

उन्होंने जगह बनाने के लिए अपने फ्रंटफुट को लेग स्टंप के बाहर रखा और साइट स्क्रीन पर तूफानी छक्का लगाया। अगले ओवर में उन्होंने दासुन शनाका को छक्का लगाया। उन्होंने तिलक के साथ 6.5 ओवर में 66 रन की साझेदारी की। अक्षर पटेल ने भारतीय पारी का अंत छक्के से किया।