शीतल और सरिता की शानदार शुरुआत, तुर्की ने छीन लिया स्वर्ण पदक
शनिवार को यहां विश्व तीरंदाजी पैरा चैंपियनशिप के कंपाउंड महिला ओपन टीम स्पर्धा के फाइनल में भारत की शीतल देवी और सरिता ने तुर्की के खिलाफ हार के बाद रजत पदक जीता।
भारतीय जोड़ी ने बेहतरीन शुरुआत करते हुए पहले राउंड में ओजनूर क्यूर गिर्डी और बुर्सा फातमा उन की तुर्की की जोड़ी पर 38-37 की बढ़त बनाई।

भारतीय जोड़ी ने अपने शुरुआती चार तीर से तीन बार 10 अंक जुटाए जबकि तुर्की की जोड़ी एक बार ही 10 अंक बना सकी। तुर्की की तीरंदाजों ने दूसरे राउंड में तीन बार 10 अंक से 39 अंक जुटाकर वापसी की और स्कोर 76-76 से बराबर कर दिया। तीसरे राउंड में भारतीय जोड़ी दबाव में आ गई।
शीतल और सरिता एक बार 10, दो बार नौ और एक बार आठ अंक से कुल 36 अंक ही बना सकी। तुर्की की जोड़ी ने अधिक निरंतरता दिखाई और उन्होंने एक बार 10 और तीन बार नौ अंक के साथ कुल स्कोर के आधार पर एक अंक की बढ़त हासिल कर ली।
गिर्डी और उन ने अगले राउंड में संभावित 40 में से 39 अंक जुटाकर जीत सुनिश्चित की जबकि भारतीय टीम 36 अंक ही बना पाई जिसमें एक तीर सात अंक पर लगा। 152-148 से जीत के साथ तुर्की ने स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।