क्रिकेट से मिली प्रेरणा, ट्रैक पर रचा इतिहास : उसैन बोल्ट
दुनिया के सबसे तेज धावक और ओलंपिक में स्वर्ण पदकों की झड़ी लगाने वाले उसैन बोल्ट ने खुलासा किया है कि क्रिकेटरों की मेहनत और समर्पण ने उन्हें एथलेटिक्स में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

मुंबई के जमनाबाई नरसी स्कूल परिसर में एक फायरसाइड चैट के दौरान इस दिग्गज खिलाड़ी ने बोला, “मैं बचपन से ही क्रिकेट का बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं। मैंने हमेशा क्रिकेट देखा है और इससे बहुत कुछ सीखा है।
क्रिकेटरों की प्रतिभा, उनकी मेहनत, खुद को लगातार बेहतर बनाने की उनकी कोशिशें—इन सबने मुझे छोटी उम्र से ही प्रेरित किया कि अगर मुझे सर्वश्रेष्ठ बनना है तो मुझे भी उतनी ही मेहनत करनी होगी।” भारत में अपने अनुभव को साझा करते हुए बोल्ट ने कहा, “भारत आना मेरे लिए एक अविश्वसनीय अनुभव रहा है।
यहां के उत्साही खेलप्रेमियों से मिलकर यह एहसास होता है कि खेल लोगों को किस तरह जोड़ते हैं। यहां की ऊर्जा और जुनून अद्भुत है। मुझे ‘ड्रीम सेट गो’ के उस विजन का हिस्सा बनने पर गर्व है, जो खेल प्रेमियों को उनके पसंदीदा खेलों से करीब से जुड़ने का मौका देता है।”
अपने करियर के संघर्षों और समर्पण पर बोलते हुए बोल्ट ने कहा, “मेरे लिए यह सब कड़ी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है।
मुझे ट्रैक एंड फील्ड से गहरा लगाव रहा है और मैंने बचपन से ही इसमें खुद को झोंक दिया था। यह सफर आसान नहीं था—चोटें आईं, शंकाएं रहीं, कई मुश्किल वक्त भी आए, लेकिन मेरा लक्ष्य स्पष्ट था—दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बनना। और उसी लक्ष्य ने मुझे आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।” बोल्ट इस समय एक निजी यात्रा पर मुंबई में हैं और जल्द ही दिल्ली का दौरा भी करेंगे।