रोहित पौडेल ने रचा इतिहास, शहीदों को समर्पित की जीत
नेपाल टीम ने उस समय इतिहास रचा जब उन्होंने तीन मैच की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज को धूल चटाई। पहले बैटिंग करते हुए नेपाल ने वेस्टइंडीज के सामने 149 रनों का टारगेट रखा था, जिसका पीछा करते हुए 4 बार की यह वर्ल्ड कप चैंपियन टीम 129 ही रन बना सकी।

नेपाल ने यह मैच 19 रनों से जीता, यह उनके क्रिकेट इतिहास की किसी टेस्ट प्लेइंग नेशन के खिलाफ पहली जीत है। नेपाल की इस जीत के हीरो कप्तान रोहित पौडेल रहे जिन्होंने 38 रनों की शानदार पारी खेली। उन्हें इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
रोहित ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की तरह यह अवॉर्ड अपने देश के शहीदों को समर्पित किया। रोहित पौडेल ने मैच के बाद कहा, “बहुत अच्छा लग रहा है, टेस्ट खेलने वाले देश को हराने का लंबा इंतजार, वो भी यूएई में हमारी मेजबानी में हुई सीरीज में।
यहां 150-160 का स्कोर बराबर था, पिछली सीरीज को देखें तो टीमें 150-160 का स्कोर बनाकर जीत रही थीं। 80-90 प्रतिशत हमने अपने कौशल का प्रदर्शन किया है, स्पिनर आज शानदार थे और साथ ही अनुभवी करण और सोमपाल भी।” उन्होंने आगे कहा, “मैं यह पुरस्कार अपने देश में शहीद हुए लोगों को समर्पित करना चाहता हूं जिन्होंने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था।
पिछला महीना हमारे लिए अच्छा नहीं रहा, इसलिए अगर हम नेपाल के लोगों को थोड़ी सी खुशी दे सकें, तो मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा होगा। अभी तो शुरुआत है, अभी बहुत कुछ आना बाकी है। हमारी सोच बिल्कुल साफ थी, अगर हम यहां आ रहे हैं, तो सीरीज जीतने के लिए ही हैं।
हम अभी भी पूरी तरह से तैयार हैं, हम सही प्रक्रिया अपनाएंगे और आगे जो भी होगा, देखेंगे।” सूर्यकुमार यादव ने भी एशिया कप 2025 ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान को हराने के बाद पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए सेना को यह जीत समर्पित की थी। रिपोर्ट्स हैं कि उनके इस बयान के चलते सूर्यकुमार यादव पर 30 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है।