Trending

एशिया कप फाइनल से पहले विवाद: ट्रॉफी फोटोशूट बना बहस का मुद्दा

आज दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एशिया कप 2025 का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले एक नया विवाद सामने आया है, जिसने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींचा है। आमतौर पर फाइनल मैच से पहले दोनों टीमों के कप्तानों के साथ ट्रॉफी का फोटोशूट होता है, लेकिन इस बार यह नहीं हुआ।

साभार : गूगल

मामले ने तूल तब पकड़ा जब पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने इसका जिम्मेदार भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को ठहरा दिया। मीडिया से बात करते हुए आगा ने कहा, “यह पूरी तरह भारतीय टीम पर निर्भर करता है कि वे इसमें भाग लेना चाहते हैं या नहीं। हम तो बस प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं।

अगर वे आना चाहें तो आएं, नहीं तो हम कुछ नहीं कर सकते।” सलमान आगा ने आगे कहा कि उनकी टीम मीडिया की हलचल से प्रभावित नहीं होती और क्रिकेट पर फोकस कर रही है।

“हम उन चीज़ों पर ध्यान नहीं देते जिन पर हमारा नियंत्रण नहीं है। हमारा लक्ष्य एशिया कप जीतना है और हम उसी पर ध्यान दे रहे हैं,” उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा।

लेकिन सवाल यह भी उठ रहा है कि जब सलमान आगा खुद यूएई और भारत के खिलाफ पिछले मैचों से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में नहीं आए थे, तब प्रोटोकॉल की बात कहां थी? क्या प्रेस कॉन्फ्रेंस भी टूर्नामेंट के प्रोटोकॉल का हिस्सा नहीं है? गौरतलब है कि मल्टी-नेशनल टूर्नामेंट्स में आमतौर पर दोनों कप्तानों का ट्रॉफी फोटोशूट होता है, लेकिन यह कोई लिखित नियम नहीं है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फाइनल से पहले दोनों टीमों को जरूरी दिशा-निर्देश भेजे जाते हैं, पर भारतीय टीम को इस बार ऐसा कोई कम्युनिकेशन नहीं मिला है। फिलहाल, दोनों टीमें मैदान पर भिड़ने को तैयार हैं, लेकिन मैदान के बाहर यह मनमुटाव चर्चा का विषय है।