सूर्यकुमार का बयान सीने में चुभा: लतीफ बोले- जब तक जंग है, राइवलरी रहेगी
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ 21 सितंबर को हुए एशिया कप 2025 सुपर-4 मुकाबले के बाद खुलेआम यह बोल दिया है कि अब भारत और पाकिस्तान के बीच राइवलरी नहीं रह गई है। वनडे हो चाहे टी20 मल्टी नेशनल टूर्नामेंट के हेड टू हेड में भारत काफी आगे हैं।

सूर्यकुमार यादव का बयान पाकिस्तानी कप्तान राशिद लतीफ के सीने में खंजर की तरह चुभा है। उन्होंने भारत बनाम पाक फाइनल से पहले यह साफ कर दिया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच राइवलरी है और यह राइवलरी तब तक जारी रहेगी जब तक दोनों देशों के बीच जंग हो रही है।
एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ ने कहा, “राइवलरी तो रहेगी ही। जब तक जंग है, तब तक क्रिकेट की राइलरी रहेगी। ये खत्म नहीं होगी। लेकिन हां, भारत जीतता रहेगा। इसमें कोई समस्या नहीं है। लेकिन राइवलरी हमेशा रहेगी। यह जारी रहेगी।”
राशिद लतीफ ने आगे कहा कि इस बड़े मुकाबले का दबाव भारत पर हमेशा भारी रहेगा। उन्होंने कहा, “नुकसान भारत को होगा। भारत के पास खोने के लिए सब कुछ है।
पाकिस्तान के पास खोने के लिए कुछ नहीं है; वे पहले से ही अंडरडॉग हैं। अगर पाकिस्तान यहां जीत जाता है, तो यह बीसीसीआई के लिए बहुत मुश्किल होगा, और कुछ खिलाड़ियों के लिए भी जो इस टूर्नामेंट के बारे में बहुत मुखर रहे हैं—चाहे वह कप्तान का बयान हो, बोर्ड का रुख हो, या शुभमन गिल का ट्वीट हो। इस पर बहुत शोर होगा।”
लतीफ ने स्वीकार किया कि कौशल और स्वभाव के मामले में भारत बढ़त रखता है, लेकिन टी20 क्रिकेट में कभी भी पासा पलट सकता है। उन्होंने कहा, “कौशल के मामले में भारत आगे है। वे दबाव झेल सकते हैं। लेकिन यह एक टी20 मैच है। कोई भी जीत सकता है। इसलिए यह एक कठिन मैच होने वाला है।”