Trending

क्रिस्टल पैलेस का अजेय सफर जारी, लीवरपूल की बड़ी हार

एडी एनकेतिया के इंजरी टाइम के सातवें मिनट में दागे गोल से क्रिस्टल पैलेस ने शनिवार को यहां इंग्लिश प्रीमियर लीग में लीवरपूल को 2-1 से हराया। इस जीत के साथ क्रिस्टल पैलेस का अजेय सफर 18 मैच तक पहुंच गया। टीम ने अप्रैल से कोई मैच नहीं गंवाया है।

@premierleague

गत चैंपियन लीवरपूल की मौजूदा सत्र में यह पहली हार है। टीम ने अपने अभियान की शुरुआत लगातार पांच जीत के साथ की थी। अंक तालिका के शीर्ष पर लीवरपूल की बढ़त अब सिर्फ तीन अंक की रह गई है। क्रिस्टल पैलेस की टीम दूसरे स्थान पर है।

चेल्सी को ब्राइटन के खिलाफ दूसरा लगभग पूरा हाफ 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा जिससे उसे 1-3 से शिकस्त मिली। चेल्सी की यह लगातार दूसरी हार है।

मैनचेस्टर सिटी ने एर्लिंग हेलेंड के 90वें मिनट और फिर इंजरी टाइम में दागे गोल से बर्नले को 5-1 से शिकस्त दी जबकि टोटेनहैम में जोओ पालहिन्हा के इंजरी टाइम के चौथे मिनट में दागे गोल से वोल्वरहैम्पटन को 1-1 से बराबरी पर रोका। ब्रेंटफोर्ड ने मैनचेस्टर यूनाईटेड को 3-1 से हराया जबकि बोर्नेमाउथ ने इंजरी टाइम में दागे गोल से लीड्स को 2-2 से बराबरी पर रोका।