Trending

संजू सैमसन के सामने इतिहास रचने का सुनहरा मौका

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज़ संजू सैमसन के पास आज एशिया कप 2025 के फाइनल में इतिहास रचने का सुनहरा अवसर है। दुबई में हो रहे इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से हो रहा है, और सैमसन दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।

साभार : गूगल

संजू सैमसन अब तक एशिया कप 2025 में 6 मैचों की 3 पारियों में 36 के औसत से 108 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने एक अर्धशतक लगाया है और पिछले मैच में श्रीलंका के खिलाफ 39 रनों की तेज़तर्रार पारी भी खेली। टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने दो बार नंबर पांच और एक बार नंबर तीन पर बल्लेबाज़ी की।

ओमान के खिलाफ उन्होंने अर्धशतक जड़ा था। शुभमन गिल की वापसी के चलते सैमसन को ओपनिंग से हटना पड़ा, जबकि बतौर ओपनर उन्होंने पिछले 10 मैचों में 3 शतक लगाए थे। अगर सैमसन फाइनल में सिर्फ एक और छक्का लगा देते हैं, तो वे एक टी20 टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे ज़्यादा छक्के लगाने वाले विकेटकीपर बन जाएंगे।

अभी तक एमएस धोनी (टी20 वर्ल्ड कप 2009) और ऋषभ पंत (टी20 वर्ल्ड कप 2024) ने 6-6 छक्के लगाए थे, और सैमसन इस आंकड़े की बराबरी पहले ही कर चुके हैं। अगर सैमसन इस फाइनल में कम से कम 64 रन बना लेते हैं, तो वे भारत की ओर से किसी भी टी20 मल्टी-नेशन टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर बन जाएंगे।

अभी यह रिकॉर्ड ऋषभ पंत के नाम है, जिन्होंने T20 वर्ल्ड कप 2024 में 171 रन बनाए थे। एमएस धोनी ने टी20 वर्ल्ड कप 2007 में 154 रन बनाए थे। इसके अलावा, सैमसन के पास एक और व्यक्तिगत उपलब्धि हासिल करने का मौका है। वे अभी तक अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 969 रन बना चुके हैं।

यानी 1000 रन का आंकड़ा छूने के लिए उन्हें केवल 31 रन की ज़रूरत है। अगर संजू सैमसन आज के फाइनल में अच्छी पारी खेलते हैं, तो वे न केवल भारत को एशिया कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं, बल्कि धोनी और पंत जैसे दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज़ों के रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास के पन्नों में अपनी जगह भी पक्की कर सकते हैं।