पैरा एथलेटिक्स में भारत की शान बने शैलेश, सीएम नीतीश ने दी बधाई
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नई दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 के पुरुष हाई जंप प्रतियोगिता में T63/42 श्रेणी में स्वर्ण पदक जीतने और चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाने पर बिहार के लाल शैलेश कुमार को हार्दिक बधाई दी है।

सीएम ने अपने संदेश में कहा, “शैलेश कुमार जी की यह ऐतिहासिक जीत न केवल बिहार के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उनकी इस उपलब्धि से यह स्पष्ट होता है कि बिहार खेल के क्षेत्र में एक नए युग की ओर अग्रसर है। राज्य सरकार शैलेश को खेल पुरस्कार योजना के तहत ₹75 लाख की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित करेगी।”
शैलेश कुमार जमुई जिले के अलीगंज प्रखंड के इस्लामनगर गांव के निवासी हैं। उन्होंने T42 श्रेणी की हाई जंप स्पर्धा में 1.91 मीटर की छलांग लगाकर भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता है।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने जानकारी दी कि शैलेश कुमार ने इस स्पर्धा में क्रमशः 1.85 मीटर, 1.88 मीटर और 1.91 मीटर की छलांग लगाकर तीन बार चैंपियनशिप रिकॉर्ड तोड़ा।
शैलेश इससे पहले पेरिस में आयोजित विश्व पैरा चैंपियनशिप में रजत पदक और चीन में हुए एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक भी जीत चुके हैं। उनकी यह जीत बिहार के उभरते खेल प्रतिभाओं के लिए एक प्रेरणास्त्रोत है।