Trending

संकट में चमकी दीप्ति-अमनजोत की जोड़ी, भारत की दमदार वापसी

गुवाहाटी में मंगलवार को वर्षा से प्रभावित आईसीसी महिला वनडे विश्व कप 2025 के पहले मुकाबले में भारत ने डकवर्थ-लुईस नियम के तहत श्रीलंका को 59 रनों से हराकर टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया। मैच में मुश्किल हालात में भारत के लिए दीप्ति शर्मा और अमनजोत कौर की शतकीय साझेदारी निर्णायक साबित हुई।

साभार : गूगल

भारत ने बीच के ओवरों में सिर्फ दो ओवर के भीतर चार विकेट गंवा दिए थे और स्कोर एक समय 6 विकेट पर 124 रन था। संकट की इस घड़ी में दीप्ति शर्मा (53 रन, 53 गेंद, 3 चौके) और अमनजोत कौर (57 रन, 56 गेंद, 5 चौके, 1 छक्का) ने सातवें विकेट के लिए 103 रनों की अहम साझेदारी कर टीम को 269 रन तक पहुंचाया।

इससे पहले हरलीन देओल ने भी 48 रनों की अहम पारी खेली। प्लेयर ऑफ द मैच रहीं दीप्ति शर्मा ने मुकाबले के बाद कहा, “जब लगातार विकेट गिर रहे थे, उस समय हमारी साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया।

हमारी योजना थी कि हम लंबे समय तक टिकें और वही हमने किया। मुझे दबाव महसूस नहीं होता क्योंकि मैंने पहले भी ऐसी परिस्थितियों में बल्लेबाजी की है।” श्रीलंका को 271 रन के संशोधित लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय स्पिन अटैक के सामने संघर्ष करना पड़ा।

दीप्ति शर्मा ने 54 रन देकर 3 विकेट झटके, वहीं स्नेह राणा और बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी ने दो-दो विकेट लिए। श्रीलंका की ओर से कप्तान चामरी अटापट्टू ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने जीत के बाद कहा, “यह मुकाबला आसान नहीं था। हम जानते हैं कि हर मैच हमारे लिए अहम है और दबाव भी अधिक होता है।

बीच के ओवरों में हमारे बल्लेबाजों ने धैर्य दिखाया और दीप्ति-अमनजोत की साझेदारी ने हमें मैच में वापस लाया। गेंदबाजी में भी हमने शानदार प्रदर्शन किया।” उन्होंने आगे कहा, “क्रांति ने विकेट लेने में अहम भूमिका निभाई।

स्नेह और दीप्ति ने जिस समय जरूरत थी, टीम को सफलता दिलाई। चरणी भी बेहतरीन रणनीति के साथ खेल रही हैं। मुझे उम्मीद है कि हरलीन जल्द फिट होकर अगले मैच तक तैयार हो जाएंगी।”