भारत-श्रीलंका महिला वनडे विश्व कप मैच में दर्शकों की रिकॉर्डतोड़ भीड़
भारत और श्रीलंका के बीच महिला वनडे विश्व कप का पहला मैच देखने 23000 दर्शक स्टेडियम आये जो आईसीसी के किसी महिला टूर्नामेंट में ग्रुप चरण के मैच के लिये एक रिकॉर्ड है।

22843 दर्शक इस मैच को देखने के लिए मैदान पर आये। इससे पहले रिकॉर्ड भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई में पिछले साल महिला टी20 विश्व कप के मैच का था जिसमें 15935 दर्शक आये थे।
विज्ञप्ति में आईसीसी ने बताया ,‘‘ आईसीसी महिला विश्व कप 2025 के पहले मैच में 22843 दर्शक आये जो आईसीसी महिला टूर्नामेंट के ग्रुप चरण के मैच के लिये एक रिकॉर्ड है।’’ टूर्नामेंट का शानदार आगाज भारत ने जीत के साथ किया है। मैच से पहले उद्घाटन समारोह में असम के गायक दिवंगत जुबीन गर्ग को श्रृद्धांजलि दी गई।
गायक पोपोन , जय बरूआ और शिलांग चैंबर कोइर ने जुबीन के लोकप्रिय गीतों को स्वर दिया। वहीं श्रेया घोषाल ने भारत का जबकि नुवांधिका कुमारी ने श्रीलंका का राष्ट्रगीत गाया। पारी के ब्रेक में श्रेया ने टूर्नामेंट का आधिकारिक गीत और अपने हिट गीतों की मेडली सुनाई।