शुभमन गिल ने रचा इतिहास, कप्तान के तौर पर डेब्यू पारी में जड़ा अर्धशतक
शुभमन गिल ने बतौर कप्तान भारत में अपनी पहली फिफ्टी वेस्टइंडीज के खिलाफ जड़ दी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हो रहे भारत बनाम वेस्टइंडीज पहले टेस्ट में गिल ने 50 रन की शानदार पारी खेली।

भले ही वह इससे आगे नहीं बढ़ सके, लेकिन आउट होने से पहले उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया जो 21वीं सदी में कोई भी भारतीय कप्तान नहीं बना पाया था। यहां तक कि विराट कोहली और रोहित शर्मा भी इस रिकॉर्ड को हासिल नहीं कर सके। यह रिकॉर्ड है बतौर कप्तान भारतीय सरजमीं पर अपनी पहली पारी में 50 या उससे अधिक रन बनाने का।
शुभमन गिल से पहले आखिरी बार यह कारनामा सुनील गावस्कर ने किया था। गावस्कर ने 1978 में बतौर कप्तान भारत में अपनी पहली पारी में वेस्टइंडीज के खिलाफ 205 रन बनाए थे। उनके बाद शुभमन गिल बतौर कप्तान भारत में अपनी डेब्यू पारी में 50 रन का आंकड़ा छूने में कामयाब रहे हैं। हालांकि वह भी 50 से अधिक रन नहीं बना सके।
शुभमन गिल वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों से लेकर स्पिनर्स को आसानी से खेल रहे थे। खराब गेंद मिलने पर वह चौका लगा रहे थे, बाकि वह सिंगल डबल से अपना गेम चला रहे थे।
ऐसे में वेस्टइंडीज के स्पिनर्स ने राउंड द विकेट गेंदबाजी कर जाल बुना और गिल का संयम टेस्ट किया। हालांकि गिल ज्यादा देर लेग साइड में आती गेंदों को नहीं झेल पाए और परेशान होकर उन्होंने रिवर्स स्विप शॉट खेला, जिसे वह अच्छे से कनेक्ट नहीं कर पाए और स्लिप में आउट हो गए।