भुल्लर का शानदार प्रदर्शन, इंडोनेशिया में छठी जीत की ओर बढ़ते कदम
भारतीय गोल्फर गगनजीत भुल्लर ने वर्षा से बाधित जकार्ता इंटरनेशनल चैंपियनशिप के पहले दो राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों दिन पांच-अंडर 65 का स्कोर किया और दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। भुल्लर कुल 10-अंडर के स्कोर के साथ थाईलैंड के पावित टांगकमोलप्रासर्ट (64 और 65) से सिर्फ एक शॉट पीछे हैं।

टूर्नामेंट के दूसरे दिन का खेल अभी पूरा नहीं हुआ है। 37 वर्षीय भुल्लर ने पहले राउंड की शुरुआत एक ईगल से की थी, लेकिन अंधेरा होने के कारण वह गुरुवार को अपना खेल पूरा नहीं कर पाए थे। उन्होंने शुक्रवार सुबह पहला राउंड पूरा किया और इसके बाद दूसरे राउंड में भी उम्दा खेल दिखाते हुए शीर्ष स्थान के करीब पहुंच गए।
भुल्लर के एशियन टूर पर अब तक 11 खिताब हैं, जिनमें से पांच जीतें उन्होंने इंडोनेशिया में दर्ज की हैं। इस बार वह यहां अपनी छठी खिताबी जीत की कोशिश में हैं।
अन्य भारतीयों की बात करें तो एस. चिक्कारंगप्पा ने पहले राउंड में 69 और दूसरे में 67 का स्कोर किया, और वह संयुक्त रूप से 26वें स्थान पर हैं। राहिल गंगजी, खालिन जोशी, विराज मडप्पा, करणदीप कोचर, अजीतेश संधू, एसएसपी चौरसिया और युवराज संधू का दूसरा राउंड अभी पूरा नहीं हुआ है।