फीफा वर्ल्ड कप 2026 की आधिकारिक गेंद ‘ट्रियोन्डा’ का भव्य अनावरण
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के लिए आधिकारिक मैच बॉल ‘ट्रियोन्डा’ का अनावरण कर दिया गया है। यह टूर्नामेंट कनाडा, मैक्सिको और संयुक्त राज्य अमेरिका की मेजबानी में आयोजित होगा और किक-ऑफ में अब सिर्फ नौ महीने का समय बाकी है।

फीफा और एडिडास ने मिलकर इस ऐतिहासिक बॉल को तैयार किया है, जो पहली बार तीन देशों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित हो रहे विश्व कप की एकता और जुनून को दर्शाती है।
ट्रियोन्डा नाम का अर्थ स्पेनिश भाषा से लिया गया है, जिसका मतलब है ‘तीन लहरें’। यह नाम उन तीन मेजबान देशों- कनाडा, मैक्सिको और अमेरिका को मिलाकर इस वर्ल्ड कप की मेजबानी के जश्न को दर्शाता है।
https://www.instagram.com/p/DPUxFvuDYq7/
फीफा ने कहा कि यह बॉल सिर्फ एक खेल उपकरण नहीं, बल्कि तीनों राष्ट्रों की साझी ताकत और फुटबॉल प्रेम का प्रतीक है। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो ने लॉन्च के दौरान कहा, ‘फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आधिकारिक मैच बॉल आ चुका है और यह वाकई शानदार है।
एडिडास ने एक और आइकॉनिक बॉल बनाई है, जिसका डिजाइन अगले साल की मेजबान टीमों- कनाडा, मैक्सिको और अमेरिका की एकता और जुनून को प्रतिबिंबित करता है। मैं इंतजार नहीं कर पा रहा कि यह खूबसूरत बॉल गोलपोस्ट में जाते हुए दिखे।’ इस बॉल का डिजाइन बेहद खास है।
https://www.instagram.com/reel/DPUxHCOCGlm/
इसमें लाल, हरे और नीले रंगों का उपयोग किया गया है, जो तीनों मेजबान देशों की पहचान को दर्शाते हैं। कनाडा के लिए इसमें मैपल लीफ (मेपल का पत्ता), मैक्सिको के लिए ईगल (गरुड़) और संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए स्टार का प्रतीक शामिल किया गया है।
इसके अलावा, सुनहरे रंग की सजावट फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी को दर्शाती है और इस टूर्नामेंट की ऐतिहासिक अहमियत को रेखांकित करती है। ट्रियोन्डा सिर्फ खूबसूरत ही नहीं, बल्कि तकनीकी रूप से भी अत्याधुनिक है। इसमें चार-पैनल कंस्ट्रक्शन दिया गया है, जो गहराई वाली सिलाई के साथ बनाया गया है।
यह हवा में उड़ान के दौरान गेंद की स्थिरता को बेहतर बनाता है और खिलाड़ियों को शॉट मारने या पास देने में ज्यादा नियंत्रण देता है। इसके अलावा, बॉल पर उभरे हुए विशेष चिह्न भी मौजूद हैं, जो नजदीक से ही दिखाई देते हैं। ये गीले या उमस भरे मौसम में बॉल की पकड़ को मजबूत करते हैं।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के इस आधिकारिक मैच बॉल में कनेक्टेड बॉल टेक्नोलॉजी भी शामिल की गई है। इसमें 500Hz मोशन सेंसर चिप मौजूद है, जो बॉल की हर गतिविधि का डाटा रियल-टाइम में वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VAR) सिस्टम को भेजता है। यह तकनीक ऑफसाइड जैसे अहम फैसलों में रेफरी की मदद करेगी और खेल को और ज्यादा निष्पक्ष बनाएगी।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब तक का सबसे बड़ा आयोजन माना जा रहा है। इस बॉल का लॉन्च उस सफर में एक अहम पड़ाव है। इससे पहले फीफा ने आधिकारिक मैस्कॉट पेश किए थे और यह भी घोषणा की थी कि हर टिकट की बिक्री से एक अमेरिकी डॉलर फीफा ग्लोबल सिटिजन एजुकेशन फंड में दान किया जाएगा।
अब तक 216 देशों और क्षेत्रों से 45 लाख से ज्यादा फैंस टिकट प्री-सेल ड्रॉ में शामिल हो चुके हैं। यह साबित करता है कि दुनिया भर के दर्शकों में इस टूर्नामेंट के प्रति कितना उत्साह है। यह टूर्नामेंट फीफा वर्ल्ड कप का 23वां संस्करण होगा। अगले कुछ महीनों में क्वालिफायर मुकाबलों के जरिए और टीमें अपनी जगह पक्की करेंगी।
वहीं, अंतिम ड्रॉ पांच दिसंबर 2025 को वॉशिंगटन डीसी में आयोजित होगा। ‘ट्रियोन्डा’ का अनावरण फीफा वर्ल्ड कप 2026 की उलटी गिनती को और रोमांचक बना देता है।
इसका डिजाइन, तकनीकी विशेषताएं और सांकेतिक महत्व इसे अब तक के सबसे खास आधिकारिक मैच बॉल्स में से एक बनाते हैं। आने वाले समय में यही गेंद दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल मंच पर खिलाड़ियों के जुनून और दर्शकों के जोश का गवाह बन सकती है।