विनिसियस और एमबाप्पे की चमक, मैड्रिड टॉप पर
विनिसियस जूनियर ने दो गोल दागे, चोटिल होने से पहले काइलियान एमबाप्पे ने भी एक गोल किया जिससे रीयाल मैड्रिड तीसरे स्थान पर चल रहे विलारीयाल को शनिवार को यहां 3-1 से हराकर ला लीगा फुटबॉल टूर्नामेंट में शीर्ष पर पहुंच गया।

फ्रांस के एमबाप्पे शनिवार को 81वें मिनट में गोल करने के कुछ देर बाद अपना दायां टखना पकड़कर बैठ गए और इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। विनिसियस ने 47वें और 69वें मिनट में गोल किए। इस जीत से मैड्रिड ने गत विजेता बार्सीलोना को पछाड़कर अंक तालिका के शीर्ष पर दो अंक की बढ़त बना ली है।
बार्सीलोना के पास हालांकि रविवार को सेविला को हराकर फिर शीर्ष पर पहुंचने का मौका होगा। खराब फॉर्म से जूझ रहे गिरोना ने वेलेंसिया को 2-1 से हराकर महत्वपूर्ण अंक हासिल किए जबकि एथलेटिक बिलबाओ ने मालोर्का को 2-1 से शिकस्त दी। लेवांते ने ओविएडो को 2-0 से हराया।