Trending

शानदार जीत, इंडिया-ए का वनडे सीरीज पर कब्जा, अय्यर की कप्तानी में बजा जीत का बिगुल

श्रेयस अय्यर की अगुवाई में इंडिया-ए ने कानपुर में खेले गए तीसरे अनाधिकारिक वनडे में दो विकेट से शानदार जीत हासिल करके सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

ऑस्ट्रेलिया-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.1 ओवर में 317 रन बनाए। जवाब में इंडिया-ए ने 46 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

साभार : गूगल

इस जीत के साथ श्रेयस अय्यर की टीम ने वनडे सीरीज जीतने के अलावा दो टेस्ट मैचों की सीरीज भी 1-0 से अपने नाम की। मुकाबले में विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने ताबड़तोड़ खेल दिखाते हुए 68 गेंदों पर 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 102 रन बनाए।

कप्तान श्रेयस अय्यर ने 62 रन बनाए, जबकि रियान पराग ने भी 62 रन की पारी खेली। पराग ने सीरीज में लगातार तीन अर्धशतक जड़े।

आखिरी ओवरों में विपराज निगम ने 32 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाकर जीत पक्की की। कंगारुओं की ओर से टॉड मर्फी और तनवीर सांगा ने 4-4 विकेट चटकाए, लेकिन उनकी कोशिशें टीम को जीत नहीं दिला सकीं।

इस जीत ने न सिर्फ अय्यर की कप्तानी को मजबूत किया बल्कि उनके उपकप्तान बनाए जाने के बीसीसीआई के फैसले को भी सही साबित कर दिया।