Trending

जो रूट की मुस्कान पर फिदा हैं सिराज, बोले : गुस्सा खुद-ब-खुद गायब हो जाता है

काफी एग्रेशन के साथ मोहम्मद सिराज गेंदबाजी करते हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनकी यही अदा फैंस को दीवाना बना देती है। अगर विपक्षी टीम की कोई जोड़ी क्रीज पर जम जाती है और भारत को विकेट की दरकार होती है तो सिराज स्लेजिंग करना भी अच्छे से जानते हैं।

साभार : गूगल

सिराज को दुनिया में किसी भी बल्लेबाज से खौफ नहीं है, मगर एक बल्लेबाज ऐसा है जिसे मैच के दौरान वह मुंह नहीं लगाना चाहते। यह खिलाड़ी और कोई नहीं बल्कि इंग्लैंड के स्टार टेस्ट बल्लेबाज जो रूट है। सिराज ने बताया कि हाल ही में हुई भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान भी उन्होंने जो रूट से दूरी बनाई हुई थी।

अब सिराज ने खुद बताया कि उन्होंने ऐसा क्यों किया। मोहम्मद सिराज ने बताया कि जो रूट उनकी तरफ कभी गुस्से से नहीं देखते, वह सिर्फ उन्हें देखकर मुस्कुरा देते हैं जिस वजह से उनका गुस्सा शांत हो जाता है। ऐसे में अपने एग्रेशन को बनाए रखने के लिए सिराज रूट को अपने मुंह नहीं लगाते।

मोहम्मद सिराज ने एक अंग्रेजी अखबार को बताया, “नहीं, नहीं मुझे गुस्सा आता है और यह जल्दी से खत्म नहीं होता। विकेट मिलने के बाद ही मेरा गुस्सा गायब होता है।

जहां तक जो रूट की बात है, वह एक विश्वस्तरीय बल्लेबाज हैं। जब वह मेरा सामना करते हैं, तो वह कभी भी मेरी तरफ गुस्से से नहीं देखते। वह मुझे देखकर मुस्कुराते रहते हैं। इसलिए जब भी मैं उन्हें देखता हूं, मेरे चेहरे पर अपने आप मुस्कान आ जाती है।” उन्होंने आगे कहा, “वह पहले व्यक्ति हैं जो मुझे देखकर शांत करते हैं और मुस्कुराते हैं।

इसलिए इंग्लैंड दौरे के दौरान मैंने फैसला किया कि मैं उनकी तरफ नहीं देखूंगा और उनसे बात नहीं करूंगा। अगर वह नॉन-स्ट्राइकर एंड पर होते और मैं मिड-ऑफ पर फील्डिंग कर रहा होता, तो भी वह मुझसे बात करने आते, लेकिन मैं उनसे बात नहीं करता। मैं बस कहीं और चला जाता।” सिराज ने आइडिया एक्सचेंज में हंसते हुए एक अंग्रेजी अखबार को बताया।”