आर्कटिक ओपन : भारतीय बैडमिंटन सितारे खिताब की तलाश में उतरेंगे मैदान पर
भारत की मजबूत टीम मंगलवार से खेले जाने वाले आर्कटिक ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में उतरेगी तो सबकी नजरें लक्ष्य सेन और किदांबी श्रीकांत पर होंगी जिन्हें मौजूदा सत्र में अपने पहले खिताब का इंतजार है।

मौजूदा सत्र में हांगकांग ओपन के उपविजेता लक्ष्य को पहले दौर में जापान के पांचवीं वरीयता प्राप्त कोडाई नाराओका की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा।
विश्व चैंपियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य को नाराओका को हराने के लिए आक्रामकता और संयम के बीच संतुलन बनाना होगा क्योंकि विरोधी खिलाड़ी का डिफेंस मजबूत है और वह कमजोर खेल का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
मलेशिया मास्टर्स 2025 के फाइनल में जगह बनाने वाले श्रीकांत अपने अभियान की शुरुआत रासमुस गेम्के के खिलाफ करेंगे। पूरे सत्र में निरंतरता की कमी से जूझ रहे इस अनुभवी भारतीय को डेनमार्क के खिलाड़ी को पछाड़ने के लिए तकनीकी विविधता और नेट पर खेल के नियंत्रण पर निर्भर रहना होगा।
भारतीय युवा खिलाड़ियों में इस साल यूएस ओपन सुपर 300 के साथ अपना पहला बीडब्ल्यूएफ खिताब जीतने वाले आयुष शेट्टी पहले दौर में शीर्ष वरीयता प्राप्त थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसार्न की कड़ी चुनौती का सामना करेंगे।
मकाऊ ओपन सुपर 300 के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले थारुण मन्नेपल्ली का सामना फ्रांस के सातवें वरीयता प्राप्त टोमा जूनियर पोपोव से होगा जबकि इंडिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर मौजूदा सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले किरण जॉर्ज पहले दौर में जापान के कोकी वातानबे से भिड़ेंगे।
एस शंकर मुथुसामी सुब्रमण्यम को पहले दौर में फ्रांस के तीसरे वरीयता प्राप्त क्रिस्टो पोपोव की कड़ी चुनौती मिलेगी। महिला एकल में तान्या हेमंत पहले दौर में चीनी ताइपे की हुआंग चिंग पिंग के खिलाफ उतरेंगी जबकि अनमोल खरब का सामना चीनी ताइपे की ही छठी वरीयता प्राप्त लिन शियांग से होगा।
महिला युगल में कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी की भिड़ंत येउंग एनगा टिंग और येउंग पुई लैम की हांगकांग की पांचवीं वरीयता जोड़ी से होगी जबकि ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो मिश्रित युगल में फ्रांस के लुकास रेनॉयर और कैमिली पोग्नांटे के खिलाफ उतरेंगे। मोहित जगलान और लक्षिता जगलान की युवा जोड़ी का सामना ब्रायन वासिंक और देबोरा जिली की नीदरलैंड की जोड़ी से होगा।