सेंट लुई में विश्वनाथन आनंद बनाम गैरी कास्परोव : इतिहास फिर दोहराएगा खुद को
बुधवार से अमेरिका के सेंट लुई में ‘क्लच शतरंज: द लीजेंड्स टूर्नामेंट’ में पूर्व विश्व विजेता विश्वनाथन आनंद और गैरी कास्परोव 30 साल बाद अपनी प्रतिद्वंद्विता को एक बार फिर से जीवंत करेंगे। इस 12 बाजी वाले शतरंज मैच की कुल राशि 1,44,000 डॉलर होगी और इसका आयोजन नवीनीकृत सेंट लुई शतरंज क्लब में किया जाएगा।

1995 में न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की 107वीं मंजिल पर क्लासिकल विश्व चैंपियनशिप मैच खेलने के बाद खेल के ये दो दिग्गज रैपिड और ब्लिट्ज प्रारूप में एक बार फिर आमने-सामने होंगे जिसे हाल ही में फ्रीस्टाइल शतरंज का नाम मिला है।
कास्परोव ने आनंद के खिलाफ उस मैच में दबदबा बनाया था और 20 बाजी का मैच 10.5-7.5 से जीता था। 2004 में संन्यास लेने के बाद से कास्परोव केवल प्रदर्शनी या ब्लिट्ज प्रतियोगिताओं में ही खेले हैं जबकि आनंद अब कभी-कभार शीर्ष प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं।
इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में हर दिन चार बाजी होंगी जिसमें दो रैपिड और दो ब्लिट्ज बाजी होंगी। पहले दिन जहां चार अंक दांव पर होंगे तो वहीं दूसरे दिन यह दोगुने हो जाएंगे और प्रत्येक जीत पर दो अंक मिलेंगे।
तीसरे दिन प्रत्येक बाजी जीतने पर तीन अंक मिलेंगे। विजेता को 70,000 डॉलर (लगभग 62 लाख) मिलेंगे जबकि हारने वाले को 50,000 डॉलर (लगभग 44 लाख) मिलेंगे।
अगर 12 बाजी के बाद मैच बराबरी पर रहता है तो इनामी राशि आधी-आधी बांटी जाएगी जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी को 60,000 डॉलर (करीब 53 लाख) मिलेंगे। साथ ही 12 बाजी के लिए 24,000 डॉलर (करीब 21 लाख) की बोनस राशि भी मिलेगी।