Trending

रोहित शर्मा के बयान में गंभीर की अनदेखी, चैंपियंस ट्रॉफी की जीत का श्रेय द्रविड़ को दिया

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के एक हालिया बयान ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है, जो मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर को असहज कर सकता है। दरअसल, रोहित ने चैंपियंस ट्रॉफी की जीत का श्रेय सीधे तौर पर उस प्रक्रिया को दिया, जिसकी शुरुआत पूर्व कोच राहुल द्रविड़ के कार्यकाल में हुई थी।

चैंपियंस ट्रॉफी भारत ने गौतम गंभीर की कोचिंग और रोहित शर्मा की कप्तानी में जीती, लेकिन रोहित ने कहा कि पूर्व कोच राहूल द्रविड़ के कार्यकाल में शुरू प्रक्रियाओं का पालन करने की वजह से भारतीय टीम को चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में मदद मिली।

रोहित और राहुल के कार्यकाल में भारत ने 2023 वनडे विश्व कप फाइनल में मिली हार से उबरते हुए 2024 टी20 विश्व कप जीता। इसके बाद भारत ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीती।

साभार : गूगल

रोहित ने एक अवॉर्ड्स सेरेमनी के दौरान कहा, ‘‘मुझे वह टीम पसंद है और उसके साथ खेलना भी। हम सभी इस सफर में कई साल से थे। यह एक या दो साल का काम नहीं था। बहुत सालों से काम चल रहा था। हम कई बार ट्रॉफी जीतने के बहुत करीब पहुंचे, लेकिन जीत नहीं सके।

तभी सबने तय किया कि हमें कुछ अलग करना होगा और इसे देखने के दो तरीके हैं। हमेशा यही विचार आता है कि ऐसा किया जाए और फिर जाकर वैसा ही किया जाए। यह एक या दो खिलाड़ियों से नहीं हो सकता। हमें चाहिए था कि सभी इस विचार को अपनायें और यह सभी की ओर से अच्छा था।’’

चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के लिये एक स्मृति चिन्ह पाने वाले रोहित ने कहा, ‘‘उस प्रतियोगिता (चैंपियंस ट्रॉफी) में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों ने यह सोचा कि कैसे मैच जीते जाएं और कैसे खुद को चुनौती दी जाए और आत्मसंतुष्ट न हों तथा किसी भी चीज को हल्के में न लें।

जब हम टी20 विश्व कप की तैयारी कर रहे थे तो मुझे और राहुल भाई को इस प्रक्रिया से काफी मदद मिली। हमने उसे चैंपियंस ट्रॉफी में भी कायम रखा।’’ भारत ने जब चैम्पियंस ट्रॉफी जीती तो टीम के मुख्य कोच द्रविड़ नहीं, गौतम गंभीर थे।