वनडे कप्तान के रूप में गिल की नई पारी, बोले- रोहित से सीखा धैर्य और दोस्ती
भारत की वनडे टीम के नव नियुक्त कप्तान शुभमन गिल ने गुरुवार को बोला कि वह इस महीने के आखिरी में खेले जाने वाले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे में कप्तानी संभालते समय पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की तरह ड्रेसिंग रूम में शांत और सकारात्मक माहौल बनाए रखने की कोशिश करेंगे।
पहले ही भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी कर रहे गिल 19 से 25 अक्टूबर तक ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाली तीन मैचों की श्रृंखला के साथ अपनी एकदिवसीय कप्तानी की शुरुआत करेंगे।
गिल से जब शुक्रवार से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट से पहले उनकी भूमिका बढ़ाए जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘रोहित भाई का धैर्य और उन्होंने टीम में जो दोस्ती कायम की है मैं उसे आत्मसात करना चाहता हूं।’’

गिल ने रोहित और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लगाने की कोशिश की, जो दोनों अब सिर्फ एकदिवसीय में ही उपलब्ध हैं। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट से संन्यास ले लिया है। गिल ने कहा, ‘‘इन दोनों ने भारत के लिए कई मैच जीते हैं। बहुत कम लोगों के पास इतना कौशल और अनुभव होता है। हमें उनकी ज़रूरत है।’’