शुभमन गिल का कमाल, एक साल में पांच टेस्ट शतक जड़ने वाले दूसरे भारतीय कप्तान
भारतीय कप्तान शुभमन गिल एक कैलेंडर ईयर में पांच टेस्ट शतक मारने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बन गए हैं। गिल ने शनिवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी दूसरे टेस्ट में शतक लगाया। साथ ही उन्होंने विराट कोहली की बराबरी कर ली है। शुभमन गिल को इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम का टेस्ट कप्तान चुना गया था।
गिल ने लीड्स में 147 रन की पारी खेली, जिसके बाद बर्मिंघम में 269 और 161 रन बनाए। गिल ने मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ 103 रन की पारी खेली। इस सीरीज में गिल 10 पारियों में 75.40 की औसत के साथ 754 रन बनाकर शीर्ष बल्लेबाज रहे। भारत ने इंग्लैंड दौरे पर 5 मुकाबलों की सीरीज को 2-2 से ड्रॉ पर खत्म किया।
गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में 50 रन बनाए। भारत ने यह मैच पारी और 140 रन से जीता। दिल्ली टेस्ट में शतक जड़कर गिल ने एक बार फिर खुद की उपयोगिता साबित कर दी है।

शुभमन गिल से पहले ये कारनामा विराट कोहली साल 2017 और 2018 में कर चुके हैं। गिल ने अपने टेस्ट करियर के 39 मुकाबलों में 10 शतक जमाए हैं। बतौर कप्तान उन्होंने 12 पारियों में पांचवां शतक लगाया। दिल्ली में हो रहे इस मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने आई टीम इंडिया ने अपनी पहली पारी 518/5 पर घोषित की।
इस पारी में यशस्वी जायसवाल ने 175 रन बनाए, कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद रहते हुए 129 रन टीम के खाते में जोड़े। वेस्टइंडीज से जोमेल वारिकन ने 3 विकेट हासिल किए, जबकि कप्तान रोस्टन चेज ने एक विकेट निकाला।
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज का पहला मैच पारी और 140 रन से अपने नाम किया था। ऐसे में मेजबान टीम की कोशिश सीरीज में 2-0 से क्लीन स्वीप करने की होगी।