यूएई की विश्व कप क्वालीफिकेशन की राह आसान, कतर के खिलाफ ड्रॉ की दरकार
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) 2026 फीफा विश्व कप के एशियाई क्वालीफाइंग के चौथे दौर में शनिवार को ओमान को 2-1 से मात देकर 1990 के बाद पहली बार विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने के करीब आ गया है। यूएई को स्वत: क्वालीफिकेशन के लिए अब मंगलवार को मेजबान कतर के खिलाफ सिर्फ ड्रॉ की जरूरत है।
इस हार से ओमान की तीन-टीम वाले ग्रुप ए को जीतकर पहली बार विश्व कप के लिए स्वत: क्वालीफाई करने की उम्मीदें समाप्त हो गईं। टीम अब भी दूसरे स्थान पर रहकर पांचवें दौर में आगे बढ़ सकती है। यह विश्व कप अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की सह मेजबानी में आयोजित होगा।
मैच के 12वें मिनट में आत्मघाती गोल से पिछड़ने के बाद यूएई ने 76वें मिनट में मार्कस मेलोनी के गोल से बराबरी की। इसके सात मिनट के बाद सिआओ लुकास के गोल ने टीम को बढ़त दिला दी जो आखिर तक कायम रही।

इराक ने मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व खिलाड़ी जिदान इकबाल के गोल से ग्रुप बी मैच में इंडोनेशिया को 1-0 से हराकर अंक तालिका में सऊदी अरब की बराबरी की।
इराक का अगला मुकाबला मंगलवार को सऊदी अरब से ही है, जो बेहतर गोल अंतर से ग्रुप तालिका में शीर्ष पर है। इराक अगर इस मैच को जीतने में सफल रही तो 1986 के बाद पहली बार विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेगी।