तीन मुकाबले, तीन जीत जरूरी – वर्ल्ड कप में भारत के लिए ‘करो या मरो’ का समय
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम को आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप में लगातार दूसरी हार मिली। रविवार, 12 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से मिली 3 विकेट से हार के बाद भारत की सेमीफाइनल की राह और कठिन हो गई है। भारत ने अब तक टूर्नामेंट में चार मैच खेले हैं, जिसमें से दो में उन्हें जीत मिली है वहीं दो में हार का सामना करना पड़ा है।
ऑस्ट्रेलिया से पहले साउथ अफ्रीका ने भारत को टूर्नामेंट की पहली हार का स्वाद चखाया था। भारत के अब बचे तीन मैच इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश से है।
भारत लगातार दो मैच हारने के बावजूद पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर बना हुआ है। टीम इंडिया के लिए अच्छी बात यह है कि उनका नेट रन रेट अभी भी +0.682 का है, जो आगे उनके काम आ सकता है। वहीं लगातार तीसरी जीत दर्ज कर ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले स्थान पर पहुंच गई है।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दो ऐसी टीमें हैं जिन्होंने अभी तक एक भी हार का सामना नहीं किया है। इन दोनों टीमों का समेफाइनल में पहुंचना लगभग तय है। ऐसे में अन्य 6 टीमों में से किन्हीं दो को ही नॉकआउट में जगह मिलेगी।
हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी को अगर आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के सेमीफाइनल में जगह बनानी है तो बचे तीनों मैच में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश को हराना होगा। इन तीन जीत के साथ भारत के खाते में 10 अंक हो जाएंगे और उनके साथ भारत की एंट्री नॉकआउट में हो सकती है।
अगर भारत को अब एक भी हार का सामना करना पड़ता है तो फिर उन्हें दूसरी टीमों के रिजल्ट पर निर्भर रहना होगा। सेमीफाइनल की रेस में भारत के लिए रौड़ा साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें बन सकती है।