पैट कमिंस की एशेज में भागीदारी पर संशय, पर्थ टेस्ट खेलना मुश्किल
ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान पैट कमिंस ने स्वीकार किया है कि अगले महीने पर्थ में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले एशेज सीरीज के पहले मैच में उनका खेलना संदिग्ध है। इस तेज़ गेंदबाज़ ने सोमवार को मीडिया से कहा, ‘‘मैं इस बारे में पक्के तौर पर कुछ नहीं कह सकता लेकिन मैं कहूंगा कि इसकी संभावना कम से कम है। मेरे पास अभी भी थोड़ा समय है।’’
आस्ट्रेलियाई कप्तान पीठ की चोट के कारण तीन महीने के लिए बाहर हो गया है और अटकलें लगाई जा रही है कि उनका इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के अलावा अन्य मैचों से भी खेलना संदिग्ध है। उन्होंने कहा कि उन्होंने शारीरिक अभ्यास शुरू कर दिया है और वह सत्र दर सत्र अच्छा महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हम अगले सप्ताह गेंदबाजी की थोड़ी तैयारी करेंगे। मुझे शायद कुछ सप्ताह और लगेंगे। उसके बाद ही मैं वास्तव में गेंदबाजी करूंगा।’’